उत्तराखंड में हाई कोर्ट को मिले स्थायी न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय ने ली शपथ………..
नैनीताल: उत्तराखंड हाई कोर्ट नैनीताल में सोमवार को मुख्य न्यायाधीश कोर्ट रूम में आयोजित समारोह में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने जस्टिस उपाध्याय को शपथ दिलाई।
समारोह का संचालन रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रपति भवन से जारी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना पढ़कर किया। अब जस्टिस उपाध्याय के साथ हाईकोर्ट में जजों की संख्या आठ हो गई है जबकि मुख्य न्यायाधीश सहित 11 पद हैं।
इस मौके पर महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर ने कहा कि न्यायमूर्ति उपाध्याय के स्थायी न्यायाधीश बनने से न्यायिक प्रक्रिया के साथ मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी।
समारोह में वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह सहित मुख्य स्थायी अधिवक्ता पूरन सिंह बिष्ट, शासकीय अधिवक्ता अमित भट्ट, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, पूर्व महाधिवक्ता वीबीएस नेगी, उत्तराखंड बार काउंसिल के सदस्य, बड़ी संख्या में अधिवक्ता,न्यायिक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

