उत्तराखंड में दो दिन बाद छावनी में बदल जाएगा हल्द्वानी, बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण पर सुप्रीम कोर्ट में हो सकता है फैसला……..
हल्द्वानी: बहुचर्चित रेलवे बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले की सुप्रीम कोर्ट में नौ सितंबर को सुनवाई होनी है। कोर्ट की ओर से आनलाइन डेट जारी हो गई है। जानकारों के अनुसार मामले की सुनवाई तीसरे नंबर पर है, जिससे कुछ फैसला आने की उम्मीद है।
बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे ने 31 हेक्टेयर भूमि को अपना बताया है। इस भूमि से अतिक्रमण खाली कराने को लेकर हाई कोर्ट से लेकर सर्वोच्च न्यायालय में मामला चल रहा है।
नौ सितंबर को सुप्रीम में सुनवाई
पूर्व में हुई सुनवाई के बाद जिला प्रशासन और रेलवे की टीम ने कोर्ट के आदेश पर स्थानीय लोगों से पीएम आवास योजना के फॉर्म भरवाए थे। जिसके बाद से सुप्रीम कोर्ट में मामले को लेकर कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। हालांकि अब नौ सितंबर को इस मामले में सुप्रीम सुनवाई की डेट आ चुकी है।
याचिकाकर्ता अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बताया कि बनभूलपुरा का मामला तीसरे नंबर पर लिस्टेड है। ऐसे में इस बार सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस की ओर से बनभूलपुरा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है। सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई से पहले फ्लैग मार्च किया जाएगा। कहा कि किसी प्रकार की अराजकता न हो, इसे लेकर सुरक्षा मजबूत की जाएगी।

