उत्तराखंड में धामी सरकार की मंत्रिमंडल की बैठक 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र चंपावत के बनबसा में होगी…….

देहरादून: चुनाव को देखते हुए अब सरकार सक्रिय हो गई है। इस कड़ी में प्रदेश मंत्रिमंडल की अहम बैठक चार अक्टूबर को मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एनएचपीसी बनबसा में प्रस्तावित की गई है।

चंपावत में पहली बार कैबिनेट की बैठक हो रही है। इस बैठक में प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय किए जाएंगे।

पहली बार चंपावत जिला पहुंचेगा मंत्रिमंडल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मंत्रिमंडल अब देहरादून से निकलकर पहली बार चंपावत जिला पहुंचेगा। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में होने वाली यह बैठक अगले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत अहम मानी जा रही है।

सरकार महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से प्रदेश की जनता को विकास का संदेश देने का प्रयास करेगी। देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित करने की सरकार की परंपरा नई नहीं है। इससे पहले गैरसैंण, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और अल्मोड़ा समेत कई स्थानों पर मंत्रिमंडल की बैठकें हो चुकी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के कार्यकाल में हरिद्वार, विजय बहुगुणा के कार्यकाल में गैरसैंण तथा हरीश रावत सरकार में हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ में कैबिनेट बैठकें आयोजित हुई थीं।

त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के दौरान टिहरी झील के कोटी कालोनी स्थित फ्लोटिंग मरीना में कैबिनेट बैठक हुई थी। इसके बाद पौड़ी में भी मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। विशेष यह रहा कि इन बैठकोें में संबंधित क्षेत्रों से जुड़े विषयों को तरजीह दी गई। अब चंपावत में होने वाली यह बैठक में सरकार क्या अहम निर्णय लेती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *