उत्तराखंड के ऋषिकेश में फिर आउटसोर्स एजेंसी को सेवा विस्तार की तैयारी, नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं………

ऋषिकेश: एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर पुरानी एजेंसी के ही जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं। 30 सितंबर को मौजूदा अवधि खत्म होने से पहले नई निविदा प्रक्रिया शुरू न होने से छह माह के विस्तार की स्थिति बनती दिख रही है।

एम्स में आउटसोर्स एजेंसी की सेवा अवधि खत्म होने के बावजूद नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं होने से मौजूदा एजेंसी को एक बार फिर सेवा विस्तार मिलने की स्थिति बन गई है। ऐसे में एम्स प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल उठ रहा है कि आखिर बार-बार सेवा विस्तार के पीछे क्या वजह है। इससे एम्स के कुछ अधिकारियों को कोई विशेष लाभ मिलने की बात भी कही जा रही है।

एम्स में कार्यरत आउटसोर्स एजेंसी की अवधि 30 सितंबर को समाप्त हो रही है। इससे पूर्व भी एजेंसी को दो बार सेवा अवधि विस्तार मिल चुका है। बावजूद नए टेंडर के लिए अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। यदि अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होती भी है तो निविदा जारी होने से लेकर नई फर्म के चयन और उसके काम संभालने तक कई महीने लग सकते हैं। ऐसे में मौजूदा एजेंसी का कम से कम अगले छह माह तक काम जारी रहना तय माना जा रहा है।

इसी बीच एम्स प्रशासन अक्तूबर में किच्छा स्थित सेटेलाइट सेंटर शुरू करने की तैयारी कर रहा है। यहां शुरुआती दौर में नर्सिंग समेत अन्य स्टाफ की आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से तैनाती की आवश्यकता होगी। जबकि किच्छा में तैनाती के नाम पर फर्जीवाड़े प्रकरण में एंजेंसी की भूमिका संदिग्ध है। वहीं एम्स में एजेंसी का मैनेजर विनायक कई दिनों से नदारद हैं और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। बावजूद इसके एम्स प्रशासन इसी एजेंसी को समयावधि विस्तार देने जा रहा है।

टेंडर प्रक्रिया शुरु की जा रही है। जल्द सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर टेंडर जारी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। :डॉ. श्रीलॉय मोहंती, पीआरओ, एम्स।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *