उत्तराखंड में 1 दिसंबर से शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण, राजधानी के 100 वार्डों में लगेंगे 3500 कर्मचारी………
देहरादून: नगर निगम देहरादून ने जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नगर निगम के टाउन हाल में कर्मचारियों को जनगणना कार्य के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
शहर के सभी 100 वार्डों में जनगणना की जिम्मेदारी संभालने के लिए करीब 3500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) समेत अन्य विभागों से कर्मचारियों की सूची मांगी गई है।
नगर निगम को अगले एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने की प्रक्रिया पूरी करनी है।
संबंधित विभागों से सूची मिलने के बाद वार्डवार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि जनगणना का काम निर्धारित समयसीमा के भीतर व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जा सके। जनगणना का दूसरा चरण एक दिसंबर 2026 से शुरू होकर चार जनवरी 2027 तक चलेगा।
इस दौरान कर्मचारी घर-घर जाकर आबादी से संबंधित निर्धारित जानकारियां जुटाएंगे। इसके लिए कर्मचारियों को कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और सर्वेक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है। नगर निगम के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती को देखते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण रहेगा।
कर्मचारियों की संख्या, वार्डवार कार्यक्षेत्र और ड्यूटी निर्धारण की प्रक्रिया समय पर पूरी होने से जनगणना अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार घर-घर सर्वेक्षण शुरू कराने के लिए निगम को आगामी एक सप्ताह में ड्यूटी संबंधी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

