उत्तराखंड के सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ की माताजी को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस………
हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। मां का स्थान जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है और उनका निधन परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने बाबा केदार से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य दें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

