उत्तराखंड के केदारनाथ में दुकानों को हटाने के विरोध में व्यापारियों का हेलिपैड पर धरना, पांच घंटे बाधित रही हेली सेवा…..

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत स्थायी व अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को व्यापारियों ने हेलीपैड परिसर में धरना शुरू कर दिया। व्यापारियों के धरने के चलते करीब पांच घंटे तक हेली सेवाएं बाधित रहीं।

वहीं, व्यापारियों ने विरोध में केदारनाथ बाजार की दुकानें भी बंद कर दीं। इससे धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मोर्चा संभालते हुए व्यापारियों से वार्ता के बाद धरना समाप्त हुआ।

शनिवार सुबह प्रशासन ने केदारनाथ मंदिर के ठीक सामने और हेलीपैड से मंदिर परिसर की ओर जाने वाले रास्ते के आसपास लगी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस पर व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों ने विरोध जताया। करीब 11 बजे बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड परिसर में धरने पर बैठ गए। इसके बाद हेली सेवाओं का संचालन भी प्रभावित हो गया। व्यापारियों ने केदारनाथ बाजार की अपनी दुकानें बंद कर दीं।

मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचे और व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों से वार्ता की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनकी ओर से रखे गए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से मास्टर प्लान के तहत की जा रही कार्रवाई और संबंधित व्यवस्थाओं के संबंध में व्यापारियों को आवश्यक जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी के साथ वार्ता के बाद अपराह्न करीब 3:30 बजे व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्था सामान्य हो गई और हेली सेवाओं सहित अन्य गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित होने लगीं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं की निगरानी जारी रखी।

विरोध करने वालों में केदार सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद शुक्ला, लक्ष्मी नारायण जुगराण, उमेश पोस्ती, व्यापार सभा अध्यक्ष अंकित सेमवाल, अजय जुगराण, अवधेश सेमवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *