उत्तराखंड में यहाँ दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बस को मारी टक्कर, महिला की मौत, 31 घायल……..

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे का वीडियो सामने आने के बाद घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

तेज रफ्तार डंपर ने एक यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस सड़क पर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे एक यात्री बस को बैक किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहा डंपर बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू किया गया।

बस पलटने के बाद ढाबे में घुसा डंपर
बस को टक्कर मारने के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो वाहन भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।

गनीमत रही कि हादसे के समय ढाबे में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जनहानि और अधिक हो सकती थी।

एक महिला की मौत, 31 लोग घायल
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 45 यात्री सवार थे। हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली एक महिला यात्री की मौत हो गई। वहीं 31 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 24 महिलाएं, 5 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों के सहयोग से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

चालक हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *