उत्तराखंड में मौसम के तेवर बदले: मैदान से पहाड़ तक चटक धूप और गर्म हवाओं ने बढ़ाई तपिश, आज ऐसा रहेगा हाल……..

देहरादून: बारिश और तूफान के बाद एक बार फिर मौसम ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले दो दिनों से चटक धूप और गर्म हवाएं खूब झुलसा रही हैं। मैदानी इलाकों में जहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं पर्वतीय जिलों में भी गर्मी का असर देखने को मिला।

जून की शुरुआत में हुई बारिश और तेज तूफान के चलने से गर्मी से राहत मिली लेकिन दो दिन से गर्मी परेशान कर रही है। धूप के कारण सोमवार दोपहर के समय बाजारों में भी भीड़ कम देखने को मिली। दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ 37.0 डिग्री दर्ज किया गया जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री इजाफे के साथ 23.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रहा। पर्वतीय इलाकों का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।

इससे पहले हुई बारिश के दौरान यह आंकड़ा सामान्य के नीचे रहा और गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।

पहाड़ों पर हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। दून की बात करें तो मंगलवार को यहां का अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 14 जून तक प्रदर्श के पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *