उत्तराखंड में थपेड़े मारती ‘हीट वेव’ से बेहाल वन्य जीव, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में रामगंगा बनी बाघों की लाइफलाइन……..

रामनगर: उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में भीषण गर्मी से वन्यजीव बेहाल हैं। आसमान से बरसती आग और थपेड़े मारती ‘हीट वेव’ ने इंसानों के साथ-साथ बेजुबान वन्य जीवों को भी बेहाल कर दिया है। विश्व प्रसिद्ध कार्बेट टाइगर रिजर्व में इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी का साफ असर दिख रहा है।

तपती धूप से बचने के लिए बाघों के अलावा हाथियों, सांभर और चीतलों के झुंड भी पानी की तलाश में रामगंगा नदी व प्राकृतिक स्रोतों पर पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि सफारी पर आ रहे पर्यटकों को इन दिनों रामगंगा नदी और अन्य जलधाराओं के किनारे बाघों के पानी में बैठे रहने के आम नजारे देखने को मिल रहे हैं।

बाघों के पानी में बैठे रहने के नजारे आम
वन्य जीवों के लिए खासकर बाघों के लिए रामगंगा नदी जीवनदायिनी से कम नहीं है। यह नदी गर्मी से झुलस रहे वन्य जीवों को ठंडक प्रदान कर रही है। रामगंगा नदी हो या अन्य प्राकृतिक जल स्रोत या फिर वाटर हाल बाघों हाथियों व सांभर चीतल को अपनी ओर खींच रहे हैं।

बाघ झुलसाती गर्मी से बचने को नदी में काफी काफी देर तक बैठे रहते हैं। पानी में अठखेलियां करते और सुस्ताते बाघों को देख पर्यटक रोमांचित हैं और कैमरों में इन पलों को कैद कर रहे हैं।

कार्बेट के वार्डन बिंदर पाल ने बताया कि गर्मी से बचने को नदी के अलावा वाटर हाल बनाए गए हैं। वाटर हाल में टैंकरों से पानी भरा जाता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *