उत्तराखंड के पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, मैदानों में बढ़ेगी तपिश, अगले 5 दिन मौसम लेगा फिरकी…….

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर तेजी से करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया कि अगले 4-5 दिन जहां ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी तो वहीं मैदानी इलाकों में अब धीरे-धीरे तपिश बढ़ेगी।

उत्तराखंड का मौसम
14 मई तक प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश, तेज आंधी, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का असर देखने को मिलेगा। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने खास तौर पर चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों में घूमने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इन इलाकों में वज्रपात और बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रह सकता है. इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. कई स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

ऊंचे इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट
ऊंचाई वाले करीब 4500 मीटर से अधिक क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं कुछ संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क बाधित होने की आशंका भी जताई गई है. प्रशासन ने यात्रियों को मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

17 मई तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 मई को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी. बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

उत्तराखंड के सबसे गर्म इलाके
प्रदेशभर में 18 मई तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसका असर मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के रूप में देखने को मिलेगा। वहीं काशीपुर, जसपुर, बाजपुर और रुड़की लगातार उत्तराखंड के सबसे गर्म क्षेत्र बने हुए हैं. बुधवार को यहां पारा 40 डिग्री तक दर्ज किया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *