उत्तराखंड के हल्द्वानी में हाई कोर्ट शिफ्टिंग की तैयारी तेज, अब यहां तलाशी जा रही जमीन……..

हल्द्वानी: उत्तराखंड हाई कोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने की लंबे समय से चल रही कवायद एक बार फिर शुरू हो गई है। अब रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के निकट क्षेत्र को हाई कोर्ट परिसर के लिए संभावित स्थान के रूप में देखा जा रहा है। इसके लिए शासन और जिला प्रशासन स्तर पर विभिन्न पहलुओं पर मंथन और शुरुआती प्रक्रियाएं चल रही हैं।

अभी नहीं लिया अंतिम निर्णय
सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित स्थल की उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, यातायात व्यवस्था, पर्यावरणीय प्रभाव और अन्य प्रशासनिक आवश्यकताओं का परीक्षण किया जा रहा है। हालांकि अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और विभिन्न तकनीकी व कानूनी पहलुओं की जांच जारी है।

कोर्ट से जुड़ी समिति भी जांच को पहुंच चुकी है। जबकि इससे पहले भी हाई कोर्ट को गौलापार क्षेत्र में स्थापित करने की योजना पर भी गंभीरता से काम किया गया था। उस समय आवश्यक भूमि चिह्नीकरण और अन्य प्रक्रियाएं भी आगे बढ़ी थीं, लेकिन वन भूमि और पर्यावरणीय स्वीकृतियों से जुड़े मुद्दों के कारण परियोजना अटक गई।

दरअसल, नैनीताल में सीमित जगह है। यातायात दबाव और पर्यटन गतिविधियों बढ़ने से स्थानीय लोगों से लेकर आम जन को परेशानी हो रही है। इसे लेकर हाई कोर्ट को मैदानी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग भी समय-समय पर उठते रही है। इसके साथ ही न्यायिक कार्यों के लिए आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और अधिकारियों की बढ़ती संख्या के कारण भी पर्याप्त स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

बेलबाबा क्षेत्र में हाई कोर्ट परिसर स्थापित होने की स्थिति में हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक एवं अन्य गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलने की संभावना रहेगी। फिलहाल सभी की नजर शासन स्तर पर होने वाले आगामी निर्णयों पर टिकी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *