उत्तराखंड में काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण पर रुद्रपुर में 56 दुकानों पर चलेगा प्रशासन का हथौड़ा, दो महीने में पूरा होगा काम……..
रुद्रपुर: काशीपुर हाईवे के एक किलोमीटर चौड़ीकरण में करीब 56 दुकानदार प्रभावित होंगे। इनकी दुकानों पर पांच अगस्त से प्रशासन का हथौड़ा चलेगा।
करीब 13.72 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट को लोक निर्माण विभाग पूरा करेगा। इसमें जल संस्थान को अपनी लाइनें शिफ्ट करनी हैं तो ऊर्जा निगम को पोल व ट्रांसफार्मर हटाने हैं। यह काम दुकानें हटने के इंतजार में लटका है।
इधर, डुगडुगी बजते ही कुछ दुकानदारों ने खुद ही दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी है। इसकी तैयारियां परखने को लेकर शहर विधायक शिव अरोरा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों संग एक बैठक भी की।
हल्द्वानी से सीधे आ रहे रामपुर हाईवे पर त्रिशूल चौक और डीडी चौक से काशीपुर हाईवे पर जाने का रास्ता है। डीडी चौक से काशीपुर हाईवे पर जाने के लिए बाजार के बीच से होकर गुजरना होता है।
वर्तमान में यह रास्ता करीब 60 फीट चौड़ा है, जिसे अब 60 फीट और चौड़ा किया जाना है यानी सड़क के सेंटर से दोनों ओर 60-60 फीट चौड़ाई हो जाएगी। इससे त्रिशूल चौक पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी तो वहीं बाजार के बीच से गुजरने वालों को सुविधा रहेगी।
हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने पहले ही दुकानदारों से अपनी दुकानों को चिह्नित किए गए निशान तक हटाने की अपील की थी। लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि पांच अगस्त से दुकानों को हटाने के लिए रविवार को मुनादी भी करा दी है ताकि कोई दुकानदार यह न कहे कि उन्हें बताया नहीं गया। अब प्रशासन सीधे कार्रवाई करेगा।
दो महीने में पूरा कर देंगे पेयजल लाइनों का काम: जल संस्थान
जल संस्थान के ईई बद्रे आलम ने बताया कि काशीपुर मार्ग के चौड़ीकरण में जैसे ही अतिक्रमण हट जाता है, उसके बाद जल संस्थान दो महीने के भीतर पेयजल लाइन बिछाने का काम पूरा कर देगा। इस कार्य को करने के लिए लोक निर्माण विभाग से 80 लाख रुपये विभाग को मिल गया है।
अगस्त अंत तक शिफ्ट हो जाएंगे पोल व ट्रांसफार्मर: ऊर्जा निगम
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता किशोर पंत का कहना है कि हमने जहां भी रिक्त स्थान देखा है, वहां तो लाइन व पोल शिफ्ट का काम कर दिया है। अब कार्यदायी विभाग पहले पूरा अतिक्रमण हटा देगा, उसके बाद अगस्त महीने के अंत तक पोल और ट्रांसफार्मर हटाने का काम उनका विभाग पूरा कर देगा। इसके लिए लोनिवि 1.90 करोड़ रुपये विभाग को दे रहा है।
यह शहर का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसके पूरा होने के बाद डीडी चौक से गाबा चौक तक लगने वाले जाम से राहगीरों को निजात मिलेगी। आवागमन सुगम होगा। पांच अगस्त से अतिक्रमण हटाने के निर्देश अधिकारियों के साथ बैठक करके दे दिए गए हैं। :शिव अरोरा, शहर विधायक रुद्रपुर

