उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में खंड शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई को राष्ट्रीय सम्मान, शिक्षा विभाग में हर्ष की लहर……….
पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना के खंड शिक्षा अधिकारी और वर्तमान में जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में सेवारत हिमांशु नौगाई को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली द्वारा शैक्षिक प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए उनका चयन राष्ट्रीय पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र हेतु किया गया है।
निएपा द्वारा आगामी 2 व 3 सितंबर को अकादमिक भवन, नई दिल्ली में ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इनोवेशन एंड गुड प्रैक्टिसेज इन एजुकेशनल एडमिनिस्ट्रेशन एंड अवार्ड फंक्शन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें चयनित अधिकारियों को इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
हिमांशु नौगाई के इस राष्ट्रीय चयन से उत्तराखंड के संपूर्ण शिक्षा विभाग, शिक्षक समुदाय और क्षेत्रवासियों में भारी खुशी और गौरव का माहौल है। यह उपलब्धि उनके द्वारा शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, प्रशासनिक नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट व सराहनीय प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इस राष्ट्रीय सम्मान से उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा व प्रेरणा मिलेगी। संपूर्ण शिक्षा जगत और क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

