उत्तराखंड के नैनीताल में भीषण आग, प्रसिद्ध तमंग मोमोज रेस्टोरेंट जलकर खाक, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप………..

नैनीताल: उत्तराखंड के पर्यटन नगरी नैनीताल में शुक्रवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हो गया। मां नयना देवी मंदिर के समीप स्थित न्यू पालिका मार्केट में मशहूर तमंग मोमोज रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच तमंग मोमोज की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने के समय दुकान के अंदर स्टाफ मौजूद था। धुआं और आग की लपटें देखकर कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और दुकान स्वामी सुंदर के साथ-साथ फायर सर्विस को सूचना दी।

तेज बारिश के बीच दमकल की तीन गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तेज बारिश के बावजूद मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की तीन बड़ी गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग और अधिक भड़क गई। इसकी वजह से बगल में स्थित राजेश्वरी फूड्स रेस्टोरेंट का एक हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। हालांकि समय रहते दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

गेमिंग ज़ोन की दुकान में भी लगी आग।
इसी दिन तड़के सुबह करीब 3:36 बजे बाजार स्थित गेमिंग ज़ोन नामक बच्चों के मनोरंजन केंद्र में भी आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस आग पर भी समय रहते काबू पा लिया।

अग्निकांड में तमंग मोमोज रेस्टोरेंट को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक आशंका गैस सिलेंडर या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *