उत्तराखंड में धामी सरकार ने 9.87 लाख पेंशन लाभार्थियों के खातों में ₹146.32 करोड़ की पेंशन किया भुगतान…………

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। कुल ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे खातों में हस्तांतरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों समेत समाज के कमजोर वर्ग को सरकार अपने परिवार का हिस्सा मानती है। सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका अधिकार सम्मानपूर्वक और समय पर मिले।

वृद्धावस्था पेंशन में सबसे अधिक लाभार्थी
जुलाई माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को ₹1,500 प्रतिमाह की दर से करीब ₹92.34 करोड़ का भुगतान किया गया। वहीं विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को करीब ₹35.54 करोड़ दिए गए।

इसके अलावा दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को ₹13.36 करोड़, किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को ₹3.20 करोड़ तथा परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को करीब ₹99.40 लाख की धनराशि वितरित की गई।

भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को ₹51.68 लाख, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को ₹26.35 लाख और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को ₹1.52 लाख का भुगतान किया गया।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि इस भुगतान में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में SNA स्पर्श नवीन प्रणाली के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *