उत्तराखंड के मसूरी में आसमान से बरसी 17 घंटे तक आफत, भूस्खलन से देहरादून मार्ग पर यातायात ठप………..
मसूरी: सोमवार रात नौ बजे से शुरू मूसलधार बारिश मंगलवार दोपहर दो बजे तक जारी रही। लगभग 17 घंटे तक हुई इस बारिश से कई जगह यातायात बाधित हो गया।
लोनिवि ने कई जगह पर कुछ घंटों की मशक्कत के बाद मार्ग खोल दिए, जबकि कई मार्गों को खोलने के प्रयास जारी हैं।
मसूरी-देहरादून मार्ग पर पहाड़ी से भारी मलबा पानी वाले बैंड पर बनी एक दुकान के ऊपर गिर गया, जिससे दुकान क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें रखा सामान भी बर्बाद हो गया।
गनीमत यह रही कि रात को दुकान में कोई नहीं था। कोल्हूखेत से लगभग आधा किमी मसूरी की ओर पानी के झरने के समीप मलबा सड़क पर आ गया, जिसे लोनिवि ने दो जेसीबी से हटवाकर यातायात चालू किया।
हनुमान मंदिर के समीप भी पहाड़ी से मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए, जिससे यातायात ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर यातायात चालू हो पाया।
लोनिवि के अनुसार, लंबीधार-किमाड़ी देहरादून मार्ग पर भी भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए हैं, जिससे यातायात फिलहाल बंद है और जेसीबी से सड़क से मलबा हटाया जा रहा है।
मसूरी-चकराता एनएच पर गश्ती बैंड से जीवन आश्रम तक सड़क को बहुत नुकसान हुआ है। दिल्ली-यमुनोत्री एनएच पर मसूरी बैंड के समीप पुलिया पर भी मलबा आने से यातायात ठप हो गया था, जिसे शाम तक चालू किया जा सका।

