उत्तराखंड चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी उतरेगी, कहा- अकेले दम पर लड़ेंगे, क्या है प्लान……….
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी ने भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने कहा कि वे किसी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। उन्होंने अपने मुद्दे भी गिनाए।
चिराग पासवान की पार्टी उत्तराखंड चुनाव में उतरेगी
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच एक नई पार्टी ने हुंकार भरी है। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है। हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर और प्रदेश महासचिव अंकुर कर्णवाल ने घोषणा की कि पार्टी फिलहाल प्रदेश की 35 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। गठबंधन के सवाल पर पार्टी ने किसी भी दल के साथ आने से इनकार किया है।
हरिद्वार में प्रेसवार्ता के दौरान विशाल ठाकुर ने कहा कि इस चुनाव में बेरोजगारी, पलायन, जर्जर सड़कें, पेपर लीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास जैसे जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उनका दावा था कि प्रदेश की जनता पारंपरिक राजनीति से निराश है और एक मजबूत विकल्प चाहती है।
गठबंधन पर क्या बोली पार्टी
गठबंधन के सवाल पर नेताओं ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी दल के साथ गठबंधन पर विचार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में गठबंधन को लेकर कोई निर्णय लिया जाता है तो उसका अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उनका दावा है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तराखंड में मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
पेपर लीक के साथ चंदा चोरी प्रकरण जिंदा रखेगी कांग्रेस
आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ अपनी आक्रामक रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी अब युवाओं के रोजगार, पेपर लीक के साथ ही चंदा चोरी जैसे संवेदनशील मुद्दों को चुनाव तक गरमाए रखने के मूड में है।
प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने बताया कि कांग्रेस कोर कमेटी की आगामी बैठक में इस बात पर मंथन होगा कि कैसे इन तमाम मुद्दों को आगामी विधानसभा चुनाव तक जन-आंदोलन का रूप देकर जिंदा रखा जाए।
तीस हजार नौकरियों का दावा झूठ: गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि युवाओं के मुद्दे हमेशा से कांग्रेस की प्राथमिकता में रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से 30 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का दावा पूरी तरह से सफेद झूठ है। सच्चाई यह है कि भाजपा के शासनकाल में बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। लाखों युवाओं के सपने चकनाचूर हो रहे हैं।

