उत्तराखंड में कहीं भीषण गर्मी और लू तो कहीं बारिश की चेतावनी, IMD का येलो अलर्ट……

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और तेज लू की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है.वहीं, पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24-25 मई के बाद गर्मी में कुछ राहत मिलने की संभावना है।

पूरे हिंदुस्तान में इस वक्त भयानक लू चल रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य भी भीषण गर्मी और हीटवेव से अछूते नहीं हैं। डराने वाली बात ये है कि अगले कुछ दिन तक ऐसा ही हाल रहने वाला है। इस बीच उत्तराखंड मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

IMD ने राज्य के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और तेज गर्म हवाओं (लू) की चेतावनी दी है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने और लू जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है. वहीं, पहाड़ी जिलों में 26 मई तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मैदानी क्षेत्रों में लगातार बढ़ता तापमान लोगों को प्रभावित कर रहा है. देहरादून में दिन का तापमान 39-40 डिग्री के करीब पहुंच रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री से ऊपर बना हुआ है. इसी तरह हरिद्वार, उधम सिंह नगर और नैनीताल के मैदानी इलाकों में भी गर्मी का प्रकोप जारी है. तेज गर्म हवाएं दोपहर के समय लोगों को परेशान कर रही हैं।

इन जिलों में बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अगले कुछ दिनों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और चमक की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, बारिश की तीव्रता ज्यादा नहीं होगी, लेकिन अचानक मौसम बदलने की संभावना बनी हुई है।

चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की अपील
चारधाम यात्रा इन दिनों चरम पर है. बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री मार्गों पर हजारों श्रद्धालु लगातार आवागमन कर रहे हैं. मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने यात्रियों को खास सलाह दी है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है. बारिश, तेज हवाओं, भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहना चाहिए। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा मार्ग पर जाते समय मौसम पूर्वानुमान जरूर चेक करें। बारिश या गरज-चमक होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकें और रात में यात्रा करने से बचें।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप बरकरार रहेगा, जबकि 24-25 मई के बाद कुछ राहत मिलने की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *