उत्तराखंड में यहाँ स्मार्ट मीटर ने दिया झटका, लगने के 24 घंटे बाद ही आया तीन लाख का बिल, उड़े गए होश……..
हल्द्वानी: सुभाष नगर में स्मार्ट मीटर लगने के महज 24 घंटे बाद तीन लाख रुपये का बिजली का बिल आने से एक उपभोक्ता के होश उड़ गए। यहां जसबीर कौर के घर पर सोमवार को ऊर्जा निगम ने स्मार्ट मीटर लगाया था। मंगलवार को मिले बिल में तीन लाख रुपये से अधिक का बकाया बिल मिलने से परिवार में खलबली मच गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जसबीर कौर के बेटे गुरविंदर सिंह ने बिल की प्रति लेकर सुभाष नगर स्थित एसडीओ कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर एसडीओ यूके भास्कर ने मामले की जांच कराई। जांच में पता चला कि तकनीकी गलती की वजह से भारी भरकम बिल आया।
इसके बाद बिल का संशोधन कर उपभोक्ता को वास्तविक 2600 रुपये का बिल जारी कर दिया गया। एसडीओ ने बताया कि पुराने रिकार्ड का समायोजन के कारण बिल अधिक आया। इधर, स्मार्ट मीटर में आए भारी भरकम बिल से नाराज होकर लोगों ने नाराजगी जताई और सुभाष नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम को काम नहीं करने दिया।
स्मार्ट मीटर नहीं लगाया तो काटा बिजली का कनेक्शन
वहीं, सुभाष नगर में मंगलवार को एक व्यक्ति का कनेक्शन इसलिए काट दिया गया, क्योंकि उन्होंने पुराना मीटर हटवाकर स्मार्ट मीटर लगवाने से मना कर दिया था। स्मार्ट मीटर लगाने वाली टीम मंगलवार को उपभोक्ता के घर पहुंची और स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए कहा।
उपभोक्ता ने इनकार किया तो टीम ने पूर्व में दिए गए नोटिस का हवाला देकर बिजली का कनेक्शन काट दिया। एसडीओ यूके भास्कर ने बताया कि किसी भी उपभोक्ता कनेक्शन सीधे नहीं काटा जाता है। पहले उपभोक्ता को नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया जाता है। इसके बाद स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग नहीं करने पर नियमानुसार कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाती है।

