उत्तराखंड में मैदान में उतरे बंशीधर तिवारी एमडीडीए ने विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाई, जुलाई में मिलेंगी कई सौगातें……….
देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बुधवार को सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, कालसी घाट और धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
सिटी फॉरेस्ट में ट्री हाउस के नवीनीकरण, फूलों और बांस के पौधारोपण तथा भारत माता मंदिर निर्माण की योजना पर जोर दिया गया। यहां स्थापित 120 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र से बिजली खर्च में करीब 90 प्रतिशत की बचत हो रही है।
आमवाला तरला आवासीय योजना में जुलाई से लाभार्थियों को कब्जा देने की तैयारी है, जबकि धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार टावरों में 30 जुलाई से आवंटन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। कालसी घाट का कार्य भी जुलाई तक पूरा कर लोकार्पण की तैयारी करने को कहा गया।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप एमडीडीए हरित विकास, आधुनिक सुविधाओं और नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की भी बात कही।

