उत्तराखंड में अगले तीन घंटे इन पांच जिलों में भारी मौसम का खतरा, अलर्ट जारी……..
देहरादून: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों के लिए अगले तीन घंटों तक येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 23 जुलाई सुबह 8:46 बजे से 11:46 बजे तक प्रभावी रहेगा।
अलर्ट के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने, तेज बारिश तथा आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से चकराता, मसूरी, डोईवाला, ऋषिकेश, पुरोला, एकेश्वर, कोटद्वार तथा आसपास के इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों तथा नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए वाहन चालक भी अतिरिक्त सावधानी बरतें।
आपदा प्रबंधन एवं संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

