बची हुई रोटी में आलू भरकर बनाएं क्रिस्पी पकौड़े, स्वाद ऐसा कि सब पूछेंगे रेसिपी…….

देहरादून: रात की बची रोटियों को फेंकने या दोबारा सादा खाने के बजाय उनसे कुछ नया और टेस्टी बना सकते हैं. आलू की मसालेदार स्टफिंग और बेसन के घोल से तैयार ये क्रिस्पी पकौड़े शाम की चाय के साथ खाने में लाजवाब लगते हैं।

पकौड़ों का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। बारिश का मौसम हो या शाम की चाय, गरमा-गरम पकौड़े खाने का मजा ही अलग होता है। आमतौर पर लोग आलू, प्याज, गोभी या पालक के पकौड़े बनाते हैं लेकिन आप हर बार एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए आपको बाजार से कोई खास सामान लाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

घर में बची हुई रात की रोटियों से ही आप टेस्टी और कुरकुरे पकौड़े तैयार कर सकते हैं। बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम आलू की स्टफिंग वाले ये पकौड़े खाने में काफी टेस्टी लगते हैं। इन्हें हरी धनिया की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है। तो आइए जानते हैं रात की बची रोटी से क्रिस्पी पकौड़े कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी।

बनाने के लिए ये चाहिये सामग्री-

2-3 मीडियम साइज उबले आलू

रात की बची हुई रोटियां (जरूरत के अनुसार)

1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया

1 छोटी चम्मच चिली फ्लेक्स

आधी छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1 छोटी चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च

2 बड़े चम्मच बेसन

एक चुटकी हल्दी पाउडर

नमक स्वादानुसार

एक चौथाई छोटी चम्मच अजवाइन

आधी छोटी चम्मच जीरा

एक चुटकी बेकिंग सोडा (ऑप्शनल)

तलने के लिए तेल

बची हुई रोटी से कैसे बनाएं क्रिस्पी पकौड़े।
पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलू छीलकर एक बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें हरा धनिया, नमक, चिली फ्लेक्स, लाल मिर्च पाउडर और बारीक कटी हरी मिर्च डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर आलू की स्टफिंग तैयार कर लें।

अब एक अलग बाउल में बेसन डालें। इसमें अजवाइन, जीरा, हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा। चाहें तो इसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर मिला सकते हैं।

इसके बाद बची हुई रोटियां लें और उन पर आलू की स्टफिंग को अच्छी तरह फैला दें। इसके बाद रोटी को चाकू या कटर की मदद से चार से छह टुकड़ों में काट लें। आप चाहें तो रोटी को आधा मोड़कर भी स्टफिंग भर सकते हैं।

एक कड़ाही में तेल गर्म करें। अब रोटी के टुकड़ों को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं और गर्म तेल में सावधानी से डालें। इन्हें मध्यम आंच पर पलट-पलटकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।

तैयार पकौड़ों को प्लेट में निकाल लें। इन्हें हरी धनिया की चटनी या टमाटर सॉस के साथ गरमा-गरम परोसें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *