उत्तराखंड में कांग्रेस ने खोला चुनाव अभियान कार्यालय, मिशन-2027 की तैयारी में जुटी पार्टी……….

देहरादून: उत्तराखंड में पिछले दो विधानसभा चुनावों से लगातार पराजय झेलती आ रही कांग्रेस अब मिशन-2027 की तैयारियों में जुट गई है। इस कड़ी में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव अभियान समिति का कार्यालय खोला गया। यद्यपि, इस समिति का गठन नौ माह पहले हो गया था।

अब वह इस कार्यालय के माध्यम से चुनावी गतिविधियों को धार देगी। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की वापसी तय है। उधर, पार्टी ने दो अगस्त से देहरादून जिले में विधानसभा क्षेत्रवार होने वाली परिवर्तन संकल्प यात्रा का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने समिति के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर पहुंच गए हैं।

बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, संजय पालीवाल, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, लालचंद शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दो अगस्त से दून में परिवर्तन संकल्प यात्रा
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डा. प्रतिमा सिंह ने जानकारी दी कि दो अगस्त को विकासनगर व सहसपुर, तीन अगस्त को देहरादून कैंट व धर्मपुर और चार अगस्त को राजपुर रोड व मसूरी विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन संकल्प यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

इनका नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा करेंगे।

उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन के चलते पांच अगस्त को रायपुर और डोईवाला विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित यात्रा का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इनकी अगली तिथियां जल्द तय की जाएंगी।

चौधरी ने थामा कांग्रेस का हाथ
आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप चौधरी ने साथियों सहित बुधवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की मौजूदगी में सभी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *