उत्तराखंड के हरिद्वार में अर्ध कुंभ से पहले जगमग होगा हरिद्वार, 500 नई और 100 सोलर लाइटों से रोशन होंगे घाट…….

हरिद्वार: अर्धकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। नगर निगम प्रशासन की ओर से लगभग 500 नई लाइटें लगाने की योजना बनाई है।

इनमें से करीब 100 सोलर लाइटें होंगी, जिन्हें विशेष रूप से गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर लगाया जाएगा। इससे न केवल शहर की रोशनी बेहतर होगी बल्कि ऊर्जा की बचत और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

रात के समय दिक्कत
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शहर के कई क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को रात के समय दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अर्ध कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर प्रकाश व्यवस्था बेहद जरूरी है। इसे ध्यान में रखते हुए निगम ने नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों, गंगा घाटों, पार्कों और प्रमुख चौराहों पर नयी लाइटें लगाने की योजना तैयार की है।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत 400 सामान्य एलईडी स्ट्रीट लाइट और 100 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। सोलर लाइटें विशेष रूप से उन स्थानों पर लगाई जाएंगी जहां बिजली की आपूर्ति बाधित होने की संभावना रहती है या जहां बिजली की लाइनें पहुंचाना कठिन है। इससे बिजली कटौती की स्थिति में भी घाटों और आसपास के क्षेत्रों में रोशनी बनी रहेगी।

शासन को भेजी डीपीआर
हरिद्वार: इस परियोजना के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेज दी है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। जिससे अर्ध कुंभ से पहले ही पूरी व्यवस्था दुरुस्त की जा सके।

करीब 500 नई लाइट खरीदी जाएंगी। इनमें 100 सोलर लाइट होंगी। इससे श्रद्धालुओं को खासी सुविधा मिलेगी। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रात के समय घाटों तथा सड़कों पर आवाजाही सुरक्षित हो सकेगी। अर्धकुंभ के दृष्टिगत नगर निगम अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। :दीपक गोस्वामी, उप नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *