उत्तराखंड के हरिद्वार में अब पंचक खत्म होते ही उमड़ा आस्था का सैलाब, अब होगी भागमभाग, अगले चार दिन बड़ी परीक्षा……..
हरिद्वार: पंचक खत्म होते ही हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।अगले चार दिन पुलिस और प्रशासन के लिए सबसे बड़ी परीक्षा है। अलग-अलग राज्यों से डाक कांवड़ियों के वाहन हरिद्वार पहुंचने लगे हैं।
पंचक समाप्त होने के बाद आस्था का सैलाब उमड़ने लगा है। अब डाक कांवड़ यात्रियों की आमद तेज होने के साथ ही धर्मनगरी में भागमभाग का दौर शुरू होने जा रहा है। अलग-अलग राज्यों से डाक कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों के वाहन हरिद्वार पहुंचने लगे हैं। आने वाले चार दिन पुलिस और प्रशासन के लिए सबसे कठिन परीक्षा वाले होंगे।
डाक कांवड़ के वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना सबसे बड़ी चुनौती होगी। कांवड़ मेले के शुरुआती दिनों में पैदल कांवड़ यात्रियों की संख्या अधिक रही। अब मंगलवार को पंचक समाप्त होने के बाद से बुधवार, बृहस्पतिवार से डाक कांवड़ का जोर बढ़ गया है।
बैरागी कैंप समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में डाक कांवड़ यात्रियों के वाहन दिखाई देने लगे हैं। कई राज्यों से शिवभक्त जत्थों के रूप में हरिद्वार पहुंच रहे हैं और गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।
उधर, कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने भी अंतिम चरण पर पूरा फोकस कर दिया है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद किया गया है।
डाक कांवड़ के अंतिम चरण में हरिद्वार से लेकर उत्तर प्रदेश की सीमा तक पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यातायात को नियंत्रित रखने की होगी। ऐसे में अगले चार दिन पुलिस-प्रशासन के इंतजामों की असली परीक्षा माने जा रहे हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का कहना है कि डाक कांवड़ वाहनों के प्रवेश व निकासी के लिए इंतजाम किए गए हैं।

