उत्तराखंड में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद प्रदेश को नया ‘गिफ्ट’ देंगे PM मोदी, नाव की सवारी भी करेंगे………
देहरादून: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद पीएम मोदी एक बार फिर उत्तराखंड को नई सौगात देने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वे टिहरी गढ़वाल में देश की अहम 1000 मेगावाट क्षमता वाली टिहरी पंप स्टोरेज परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर उत्तराखंड को नई सौगात देने आ रहे हैं। पीएम मोदी पहली बार उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल का दौरा करने वाले हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मई के आखिरी सप्ताह या जून के पहले सप्ताह में पीएम मोदी टिहरी पहुंचकर देश की अहम 1000 मेगावाट क्षमता वाली टिहरी पंप स्टोरेज परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं। इस संभावित दौरे को लेकर शासन और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी टिहरी में बोटिंग का लुत्फ भी उठा सकते हैं।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा मुख्य रूप से विकास और ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी परियोजनाओं पर केंद्रित रहेगा। टिहरी पंप स्टोरेज परियोजना देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह परियोजना बिजली उत्पादन के साथ ऊर्जा भंडारण और राष्ट्रीय ग्रिड को संतुलित रखने में बड़ी भूमिका निभाएगी। ऊर्जा विशेषज्ञ इसे भविष्य की जरूरतों के लिहाज से बेहद अहम परियोजना मान रहे हैं।
टिहरी झील में बोटिंग भी कर सकते हैं पीएम
सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी टिहरी मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी कर सकते हैं। इसके अलावा क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई नई योजनाओं की घोषणा होने की भी संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इससे टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पीएम मोदी के टिहरी दौरे के दौरान कोटी कालोनी क्षेत्र में बड़ी जनसभा आयोजित किए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री टिहरी बांध की झील में कोटीकॉलोनी से डोबरा-चांठी तक बोटिंग कर सकते हैं।
पहली बार टिहरी गढ़वाल पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले उत्तराखंड के कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन टिहरी जिला अब तक उनके कार्यक्रमों से दूर रहा है। ऐसे में यह दौरा जिले के लिए खास माना जा रहा है।
स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि पहले यह कार्यक्रम दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना के उद्घाटन के साथ प्रस्तावित था, लेकिन टिहरी परियोजना के महत्व और स्थानीय लोगों की भावनाओं को देखते हुए प्रधानमंत्री ने टिहरी आने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि पीएम का यह दौरा टिहरी के विकास को नई गति देगा। वहीं मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। अब सभी को पीएमओ की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे
इससे पहले पीएम मोदी ने पिछले माह 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। 213 लंबे इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली से देहरादून की दूरी अब 6 घंटे से घटकर दो या ढाई घंटे हो गई है। पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले एक्सप्रेसवे पर रोड शो भी किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने फूलों से पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी के एक बार फिर उत्तराखंड दौरे से स्थानीय उत्साहित हैं।

