उत्तराखंड में यहाँ हुआ भयानक हादसा, तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो ने चार दोस्तों को कुचला, चारों की मौत………..

हल्द्वानी: गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। बरेली की ओर से काठगोदाम जा रही एक स्कॉर्पियो ने फ्लाईओवर पर मौजूद चार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ गई और उसका एक पहिया तक उखड़कर दूर जा गिरा। हादसे में युवकों की स्कूटी भी वाहन के नीचे दब गई।

घटना के समय स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

तीनपानी फ्लाईओवर पर एक साथ मौजूद थे चारों दोस्त
पुलिस के मुताबिक, गोरापड़ाव हाथीखाल निवासी 17 वर्षीय राहुल राजपूत, गोरापड़ाव निवासी 25 वर्षीय शिवम, बेरीपड़ाव निवासी 20 वर्षीय अंशु आर्य और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा आपस में दोस्त थे। शनिवार रात करीब 10 बजे चारों तीनपानी फ्लाईओवर पर मौजूद थे।

इसी दौरान बरेली की ओर से आ रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और चारों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

सूचना मिलते ही मंडी चौकी और बनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल राजपूत, शिवम और अंशु आर्य को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

तेज बारिश का दावा, CCTV से सच तलाश रही पुलिस।
प्रारंभिक पूछताछ में स्कॉर्पियो चालक ने पुलिस को बताया कि स्कूटी सवार युवक कथित तौर पर गलत दिशा से लालकुआं की ओर जा रहे थे। चालक का दावा है कि तेज बारिश के कारण वह समय रहते उन्हें नहीं देख सका और दुर्घटना हो गई।

हालांकि, पुलिस ने चालक के इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है। दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं।

एक साथ चार दोस्तों की मौत से पसरा मातम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ गई और वाहन का एक पहिया उखड़कर दूर जा गिरा। हादसे में चार दोस्तों की मौत से उनके परिवारों और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *