उत्तराखंड के यहाँ स्कूल में परीक्षा के दौरान अचानक चीखने लगी छात्राएं, हैरान करने वाली घटना से मचा हड़कंप……..

हल्द्वानी: बनभूलपुरा स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में मास हिस्टीरिया का मामला सामने आया है। सोमवार को यूनिट टेस्ट के पहले दिन परीक्षा देते समय हाईस्कूल की एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, वह कक्षा में जोर-जोर से चिल्लाने लगी। वहां मौजूद शिक्षिका कुछ समझ पाती उससे पहले उसी कक्ष में बैठी कुछ अन्य छात्राओं ने चिल्लाना शुरू कर दिया। साथ ही एकाएक आसपास के कमरों में परीक्षा दे रहीं अन्य बच्चियां भी ऐसी हरकत करने लगीं और कक्षों से बाहर निकल आईं।

इस कारण विद्यालय में अफरातफरी मच गई। अन्य छात्राएं भी कांपने लगीं। इसे देख शिक्षकों ने सबसे पहले चिल्ला रहीं बालिकाओं के अभिभावकों को बुलाया। इसके बाद अन्य के माता-पिता को सूचित करते हुए अवकाश घोषित कर दिया। इधर, स्कूल में अचानक उत्पन्न हुई परिस्थितियों के बीच भूत-प्रेत के प्रकोप की अफवाहें भी फैलने लगी।

हालांकि, शिक्षिकाओं ने चिल्ला रही छात्राओं को पानी पिलाने के साथ ही सामान्य स्थिति में लाने के लिए सहलाने लगीं। अफवाहें फैलाने वालों को फटकार भी लगाई। अभिभावकों के पहुंचने पर बच्चियों को उनके साथ भेजा गया।

800 से अधिक छात्राएं विद्यालय में अध्ययनरत
ललित महिला आर्य इंटर कॉलेज में 800 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। सोमवार से यूनिट टेस्ट प्रारंभ होने की वजह से स्कूल में शत-प्रतिशत उपस्थिति थी। ऐसे में परिस्थितियों को संभालना मुश्किल हो गया। शिक्षिकाओं ने जैसे-तैसे हालातों पर काबू पाया।

मंगलवार को खुलेगा स्कूल, होगी परीक्षा
प्रधानाचार्य मनीषा ने बताया कि सोमवार को विद्यालय में अवकाश कर दिया गया था। ऐसे अन्य पेपर स्थगित कर दिए गए। लेकिन मंगलवार को स्कूल निर्धारित समय पर खुलेगा। साथ परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार टेस्ट भी संचालित किए जाएंगे। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *