नौतपा के कारण प्रचंड गर्मी और उमस की दोहरी मार, अब रातें भी गर्म, अगले पांच दिन के लिए चेतावनी…….
देहरादून: मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में गर्मी के लिए अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट और उसके बाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दरअसल, 2 जून तक नौतपा के दौरान सूरज की किरणें धरती पर सीधी पड़ती हैं। पारा 45 डिग्री के पार चला जाता है, हवा में नमी कम हो जाती है और लू चलती है।
L
नौतपा के पहले दिन सोमवार को उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य भारत तक प्रचंड गर्मी के साथ उमस से लोग बेहाल रहे। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में चिलचिलाती धूप के साथ गर्म लू चलती रही। दिन के साथ रातें भी गर्म रहीं। अभी 4-5 दिन झुलसा देने वाली गर्मी के आसार हैं।
46.8 डिग्री के साथ यूपी का बांदा सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक बांदा में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, उरई, झांसी व प्रयागराज में पारा 45.6 डिग्री और आगरा में 45.4 डिग्री रहा। हरियाणा में सिरसा 46.2 डिग्री, जबकि पंजाब में बठिंडा 44.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान में धूल भरे बादल छाए रहे। तापमान के साथ हवा में नमी बढ़ने से गर्मी कुछ ज्यादा ही महसूस की गई। राजस्थान के कोटा में तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में पारा 45 डिग्री रहा। राज्य के अन्य हिस्सों में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर ही रहा।
29 मई से मिल सकती है कुछ राहत
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 29 मई के बाद तापमान में 3-5 डिग्री तक की गिरावट आने और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने के संकेत हैं। 28 मई तक कई इलाकों में लू और गर्म रातों का असर रहेगा।
दिल्ली में 14 साल की सबसे गर्म रात, पारा 32.4 डिग्री
चिलचिलाती धूम और उमस भरी गर्मी ने दिन का सुकून तो छीन ही लिया है, रातों की नींद भी उड़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात 14 साल में मई के महीने में भीषण गर्मी पड़ी और पारा 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह 14 साल में दिल्ली की सबसे गर्म रात रही।
इससे पहले, मई के महीने में इतनी अधिक गर्मी 26 मई, 2012 की रात को महसूस की गई थी।
पहाड़ों पर कहीं गर्मी-कहीं बारिश…दक्षिण में बारिश
जम्मू-कश्मीर- घाटी में सोमवार को तेज बारिश के बाद बादल छाए रहे। इससे पारा 5 डिग्री तक गिरा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।
हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए प्रार्थना सभाओं, खेलकूद, पीटी तथा अन्य लंबे समय तक चलने वाली बाहरी गतिविधियों को कम करने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर भारत और केरल व तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो रही है। बंगाल में भी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर में अगले 6-7 दिनों के दौरान और केरल व तमिलनाडु में अगले 2-3 दिन में भारी वर्षा होने की संभावना है।

