उत्तराखंड में गर्मी से अभी राहत नहीं, कुछ दिन और सताएगी तपिश…….

देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन दिनभर पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है।

मैदानी इलाकों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी दर्ज की जा रही है। अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी जारी रह सकती है। पहाड़ों में मौसम के करवट बदलने के आसार हैं।

उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।

अगले एक से दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है, जिससे गर्मी से राहत के आसार कम हैं।

हालांकि इसके बाद अगले तीन से पांच दिनों में तापमान में धीरे-धीरे तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

गढ़वाल से कुमाऊं तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के दौर हुए हैं, लेकिन निचले इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा या गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।

गुरुवार को मौसम में कुछ बदलाव के संकेत हैं। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गर्जन के साथ बारिश हो सकती है।

इसके अलावा 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 38.6, 23.5
पंतनगर, 39.4, 24.1
मुक्तेश्वर, 27.4, 15.0
नई टिहरी, 27.5, 13.0

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *