उत्तराखंड में सीएम धामी के स्वागत को बिंदुखत्ता में भव्य तैयारी, आज लोकथात महोत्सव में करेंगे शिरकत……….

लालकुआं: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को बिंदुखत्ता पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिंदुखत्ता के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री प्रतिभाग करेंगे। आयोजन समिति की ओर से उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा बिंदुखत्ता के लिए यादगार साबित होगा और वर्षों से चली आ रही उनकी प्रमुख मांग को भी नई दिशा मिलेगी।

अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति को समर्पित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर आयोजकों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति मुख्यमंत्री के स्वागत को भव्य और ऐतिहासिक बनाने में जुटी है। आयोजन स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

राजस्व गांव के दर्जे की मांग पर टिकीं निगाहें
मुख्यमंत्री के बिंदुखत्ता दौरे के साथ ही क्षेत्र की वर्षों पुरानी राजस्व गांव की मांग एक बार फिर प्रमुखता से सामने है। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए क्षेत्रवासी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। इस मांग के पूरा होने से लोगों को जमीन और राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन को क्षेत्रवासी एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहे हैं। लोगों को आस है कि मुख्यमंत्री उनकी भावनाओं और लंबे समय से चली आ रही मांग को समझते हुए बिंदुखत्ता के लिए कोई बड़ी सौगात दे सकते हैं।

यह रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) स्थित एनआईटी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:30 बजे उनका हेलीकॉप्टर लालकुआं के संजय नगर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज मैदान में उतरेगा। यहां से वह कार द्वारा रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे बिंदुखत्ता के संजय नगर नंबर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान पहुंचेंगे और लोकथात संस्कृति महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपराह्न 2:45 बजे सरस्वती शिशु मंदिर मैदान से रवाना होकर 2:55 बजे आदर्श इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। यहां से 3:05 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा चम्पावत जिले के बनबसा के लिए रवाना होंगे।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट
मुख्यमंत्री के भ्रमण को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं।

कुल मिलाकर बिंदुखत्ता में मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर तैयारियां और उत्साह चरम पर हैं। सांस्कृतिक महोत्सव के साथ क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर भी लगी हैं कि मुख्यमंत्री उनके क्षेत्र की वर्षों पुरानी राजस्व गांव की मांग को लेकर क्या संदेश देते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *