1 चम्मच बेसन मिलाकर बनाएं गुजराती तरीके से बनाएं खट्टा मूंग, मांग-मांगकर खाएंगे घरवाले………
देहरादून: दाल-चावल तो सबको लोग घरों में बनाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ खट्टा और टेस्टी खाना चाहते हैं तो आप घर पर खट्टा मूंग ट्राई कर सकते हैं। गुजरात में खट्टा मूंग लोग बहुत बनाते हैं और मजे से खाते भी हैं। खट्टे मूंग दाल की यह डिश जल्दी बन जाती है, आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं।
रोजाना लंच या डिनर में अरहर, मूंग और मसूर की दाल खाते-खाते अगर आप बोर हो गए हैं, तो इस बार गुजरात की एक पारंपरिक डिश ट्राई कर सकते हैं। इसका नाम है गुजराती खट्टा मूंग या खट्टा मग। यह डिश स्वाद में खट्टी, हल्की तीखी और मसालेदार होती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगी या अलग सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। घर में रखी साबुत हरी मूंग, दही और बेसन से आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं।
गुजरात में खट्टा मूंग को कई घरों में चावल, रोटी और पापड़ के साथ खाया जाता है। इसमें दही का खट्टापन और मसालों का चटपटा स्वाद खाने को थोड़ा अलग बना देता है। अगर आप भी रोज की दाल में कुछ नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
गुजराती खट्टा मूंग बनाने के लिए सामग्री-
साबुत हरी मूंग – 1 कप
खट्टा दही – 1 कप
बेसन – 1 बड़ा चम्मच
तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
राई – 1 छोटा चम्मच
जीरा – आधा छोटा चम्मच
हींग – 1/4 छोटा चम्मच
करी पत्ता – 6-8
अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
हल्दी – आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 3/4 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
खट्टा मूंग बनाने का आसान तरीका-
1. सबसे पहले मूंग पकाएं।
एक कप साबुत हरी मूंग को अच्छी तरह धोकर 3-4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद कुकर में मूंग, जरूरत के अनुसार पानी, थोड़ा नमक और चुटकी भर हल्दी डालें। इसे 3-4 सीटी आने तक पकाएं। ध्यान रखें कि मूंग नरम हो जाए, लेकिन पूरी तरह गलकर टूटे नहीं।
2. तैयार करें खट्टा दही वाला घोल।
अब एक बाउल में खट्टा दही और एक चम्मच बेसन डालें। इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। घोल में गांठें नहीं रहनी चाहिए। यही मिश्रण खट्टा मग को उसका खास स्वाद और गाढ़ापन देगा।
3. मसालों का लगाएं तड़का।
एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। इसमें राई और जीरा डालकर चटकने दें। इसके बाद हींग, करी पत्ता और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें। सभी चीजों को कुछ सेकंड तक भूनें, ताकि मसालों की खुशबू अच्छी तरह निकल आए।
4. दही और बेसन का मिश्रण पकाएं।
अब कड़ाही में धीरे-धीरे दही और बेसन का घोल डालें। इसे लगातार चलाते रहें और धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं। ध्यान रखें कि दही डालते समय गैस तेज न हो, वरना दही फट सकता है।
5. मूंग डालकर तैयार करें खट्टा मग।
जब दही वाला मिश्रण अच्छी तरह पकने लगे, तो इसमें उबली हुई मूंग डाल दें। स्वादानुसार नमक मिलाएं और जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालें। इसे धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकने दें, ताकि मूंग में मसालों और दही का स्वाद अच्छी तरह समा जाए।
6. हरे धनिये से करें गार्निश।
आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें। आपका गुजराती खट्टा मग तैयार है। इसे गरमागरम चावल, रोटी या कुरकुरे पापड़ के साथ परोसे।
खट्टा मूंग बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान-
दही जितना हल्का खट्टा होगा, डिश का स्वाद उतना संतुलित रहेगा।
दही का घोल डालने के बाद लगातार चलाते रहें, इससे दही फटने की आशंका कम होगी।
मूंग को बहुत ज्यादा न गलाएं, वरना डिश का टेक्सचर खराब हो सकता है।
अगर आपको ज्यादा खट्टा स्वाद पसंद है, तो थोड़ा अधिक खट्टा दही इस्तेमाल कर सकते हैं।

