उत्तराखंड में पुलिस कांस्टेबल भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 25 नवंबर से आवेदन……..

देहरादून: उत्तराखंड में पुलिस कांस्टेबल भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने कांस्टेबल सहित विभिन्न पदों पर कुल 1694 रिक्तियों के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

25 नवंबर से 25 दिसंबर तक होंगे आवेदन
आयोग के मुताबिक, अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 28 से 30 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। आयोग ने जनवरी 2027 में शारीरिक दक्षता परीक्षा और अप्रैल 2027 में लिखित परीक्षा प्रस्तावित की है। भर्ती की सभी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

पुलिस कांस्टेबल के 986 पद शामिल
कुल 1694 पदों में पुलिस कांस्टेबल के 464, पीएसी कांस्टेबल के 284 और महिला पुलिस कांस्टेबल के 238 पद शामिल हैं। इसके अलावा फायरमैन के 201, फॉरेस्ट गार्ड के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भर्ती की जाएगी।

12वीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। कुछ पदों के लिए उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद या समकक्ष बोर्ड की परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त भी निर्धारित की गई है। पदों के अनुसार आयु सीमा अलग-अलग रखी गई है। अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष है, जबकि कुछ पदों पर अधिकतम आयु सीमा 30 से 35 वर्ष तक निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

शारीरिक दक्षता परीक्षा के भी अलग मानक
चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा महत्वपूर्ण होगी। पुलिस कांस्टेबल पद के लिए सामान्य श्रेणी के पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर और महिला अभ्यर्थियों की 152 सेंटीमीटर निर्धारित है। आरक्षित वर्ग और पर्वतीय क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार शारीरिक मानकों में छूट दी जाएगी।

इतना देना होगा आवेदन शुल्क
सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, जबकि दिव्यांग, ईडब्ल्यूएस, एससी और एसटी वर्ग के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है। अनाथ अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित पदवार योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मानक और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in⁠ पर जारी विज्ञापन में देख सकते हैं।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://sssc.uk.gov.in/⁠ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर भर्ती संबंधी लिंक खोलकर पहले पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षिक और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन पूरा होने पर फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट या पीडीएफ सुरक्षित रख लें। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से 25 दिसंबर 2026 तक चलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *