उत्तराखंड में आज सात जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, जानिए कल से कैसा रहेगा मौसम………..
देहरादून: उत्तराखंड में रविवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। शेष पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और हिमपात के आसार हैं। मैदानी जनपदों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
ऊंची चोटियों पर हिमपात, बदरीनाथ-हेमकुंड में बढ़ी ठंड
पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का असर दिखने लगा है। चमोली जिले में बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात हुआ है। ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर नजर आने लगी है। मौसम में आए बदलाव के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान गिरने से ठंड का अहसास बढ़ गया है। नक्शेदेखें
मौसम विज्ञान केंद्र के साप्ताहिक तापमान पूर्वानुमान के अनुसार करीब 2000 मीटर ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान का साप्ताहिक औसत 21.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री अधिक रह सकता है।
वहीं मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान का साप्ताहिक औसत 29.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहने की संभावना है।
16 नवंबर से शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश में मौसम का यह बदलाव रविवार तक प्रभावी रह सकता है। इसके बाद सोमवार 16 नवंबर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का असर बना रह सकता है।

