2 चम्मच दही से बनाएं मूंग दाल मंगोड़ी की मारवाड़ी सब्जी, रोटी-चावल के साथ लगेगी टेस्टी, आसान है रेसिपी……..

देहरादून: घर में सब्जी नहीं है तो आप मारवाड़ी मंगोड़ी की स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं, जो रोटी और चावल दोनों के साथ ही खाई जाती है। मूंग दाल की मंगोड़ियों को देसी घी में भूनकर टमाटर, दही और मसालों की रस्सेदार ग्रेवी में पकाया जाता है। आइए आपको मंगोड़ी की सब्जी घर पर बनाने की सिंपल रेसिपी बताते हैं।

राजस्थान का खाना अपने देसी स्वाद और मसालों की खास खुशबू के लिए जाना जाता है। यहां ऐसी कई पारंपरिक डिशेज हैं, जिन्हें कम सब्जियों में भी आसानी से बनाया जा सकता है। राजस्थान में पहले रेगिस्तान की वजह से कई किलो मील जाकर सब्जियां लानी पड़ती थी और गर्म तापमान की वजह से सब्जियां ज्यादा दिनों तक चल नहीं पाती थी। ऐसे में वहां पर ऐसी चीजें बनाई जाती थी, जो लंबे समय तक चल पाए। उन्हीं में से एक मूंग दाल की मंगोड़ी की सब्जी है, जिसे खासतौर पर मारवाड़ी लोग बनाते थे।

आप भी अपने घर पर आसानी से मारवाड़ी मंगोड़ी की सब्जी बना सकते हैं और यह रेसिपी उस समय सबसे ज्यादा काम आती है। जब घर में कोई सब्जी नहीं होती है। मूंग दाल से बनी मंगोड़ियों को घी में हल्का सुनहरा भूनकर टमाटर, दही और मसालों की ग्रेवी में पकाया जाता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती। बिना झंझट आप झटपट मंगोड़ी की यह रस्सेदार सब्जी बना सकते हैं। आइए आपको इसे बनाने का देसी तरीका बताते हैं।

मारवाड़ी मंगोड़ी की सब्जी के लिए सामग्री-
1 कप मूंग दाल की मंगोड़ी
2 बड़े चम्मच देसी घी या तेल
1 छोटी चम्मच जीरा
1 चुटकी हींग
1 कप बारीक कटे टमाटर या टमाटर की प्यूरी
1 छोटी चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
½ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर
2 बड़े चम्मच फेंटा हुआ दही
¼ छोटी चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
बारीक कटा हरा धनिया

मंगोड़ी की सब्जी बनाने की विधि-

1. सबसे पहले मंगोड़ी भूनें
एक कड़ाही में करीब 1 चम्मच घी या तेल गर्म करें। इसमें मूंग दाल की मंगोड़ियां डालकर स्लो और मिडियम फ्लेम पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। मंगोड़ियों से अच्छी खुशबू आने लगे तो इन्हें प्लेट में निकालकर अलग रख दें। इन्हें ज्यादा गहरा न भूनें, वरना स्वाद कड़वा हो सकता है।

2. तैयार करें मसाले का बेस।
अब उसी कड़ाही में बचा हुआ घी डालें। इसमें जीरा और चुटकीभर हींग डालकर तड़का लगाएं। जीरा चटकने लगे तो अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालकर कुछ सेकेंड भूनें।

3. टमाटर और मसाले डालें।
अब इसमें बारीक कटे टमाटर या टमाटर की प्यूरी डालें। साथ ही हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मसाले को तब तक भूनें जब तक टमाटर अच्छी तरह गल न जाए और मसाले से घी अलग दिखाई देने लगे।

4. दही से आएगा खास स्वाद।
अगर आप सब्जी में थोड़ा खट्टापन और मलाईदार स्वाद चाहते हैं तो इसमें फेंटा हुआ दही डाल सकते हैं। इस दौरान गैस की आंच धीमी रखें और दही डालते समय लगातार चलाते रहें। वरना दही फट भी सकता है।

5. बनाएं रस्सेदार ग्रेवी।
अब मसाले में करीब 2 से 3 कप पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं और ग्रेवी को एक उबाल आने दें। आप अपनी पसंद के हिसाब से पानी की मात्रा कम-ज्यादा कर सकते हैं।

6. मंगोड़ियों को पकाएं
ग्रेवी में उबाल आने के बाद इसमें भुनी हुई मंगोड़ियां डाल दें। कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक पकाएं। इस दौरान मंगोड़ियां ग्रेवी का स्वाद सोख लेंगी और नरम हो जाएंगी। अगर ग्रेवी बहुत गाढ़ी लगे तो थोड़ा गर्म पानी डाल सकते हैं।

7. आखिर में दें देसी तड़का वाला स्वाद
सब्जी तैयार होने पर इसमें थोड़ा गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गार्निश कर दें। इन दोनों चीजों से सब्जी का स्वाद बढ़ जाता है।

किसके साथ परोसें।
मारवाड़ी मंगोड़ी की यह रस्सेदार सब्जी गरम-गरम चपाती, पराठे, बाजरे की रोटी या बाटी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है। आप इसे लंच या डिनर में बना सकते हैं। देसी घी में बनी यह सब्जी साधारण खाने को भी राजस्थानी स्वाद दे देती है। अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद है तो आप मिर्च अपने हिसाब से कम ज्यादा कर सकते हैं।

टिप: मंगोड़ियों को ग्रेवी में डालने से पहले हल्का भूनने से उनका स्वाद और खुशबू काफी बढ़ जाती है। अगर आपको ज्यादा रस वाली सब्जी पसंद है तो पानी थोड़ा ज्यादा डालें और मंगोड़ियों को ग्रेवी में पकने दें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *