घर पर ट्राई करें UP-बिहार का चना दाल भिंडी, रोटी-चावल के साथ लगेगी मजेदार, मिनटों में हो जाएगी तैयार…….
देहरादून: गर्मियों में हल्का और स्वादिष्ट खाने का ही मन करता है और इस मौसम में सब्जियां भी लौकी, भिंडी और खीरा ही बाजार में ज्यादा मिलता है. ऐसे में आप भिंडी की एक दादी-नानी वाली पुरानी रेसिपी ट्राई कर सकते हैं, जिसे चना दाल भिंडी कहते हैं. बिहार-UP स्टाइल की यह आसान रेसिपी रोटी, चावल और रायते के साथ खाने में बेहद लाजवाब लगती है. आइए हम आपको इसे बनाने का आसान तरीका बताते हैं।
गर्मी के दिनों में जब तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है, तब सबसे ज्यादा हल्का खाने का मन करता है. इस मौसम में तला-भुना खाना अच्छा नहीं लगता है, सिर्फ सादा और ऐसा खाने की क्रेविंग्स होती है, जिसे खाकर शरीर को ठंडक मिले। गर्मियों में भिंडी लोग बड़े चाव से खाते हैं, लेकिन रोजाना एक जैसी भिंडी खाकर भी मन भर जाता है।
आमतौर पर भिंडी को लोग सूखी सब्जी या फ्राई करके खाते हैं, ऐसे में चना दाल भिंडी की यह देसी रेसिपी किसी वरदान से कम नहीं है. जब भिंडी को सोंधी चना दाल के साथ पकाया जाता है, तो इसका स्वाद बिल्कुल अलग लेवल पर पहुंच जाता है। यह डिश न सिर्फ खाने में लाजवाब होती है, बल्कि पौष्टिक भी होती है।
गर्मियों की देसी सब्जी चना दाल भिंडी
बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के घरों में बड़े प्यार से बनाई जाती है. इन इलाकों में दाल और सब्जियों को साथ पकाने की परंपरा काफी पुरानी है। बंगाल में भी भिंडी वाली चना दाल का एक अलग रूप देखने को मिलता है, जहां इसमें पांचफोरन और हल्की मिठास जोड़ी जाती है. कुल मिलाकर यह कोई होटल वाली रेसिपी नहीं, बल्कि दादी-नानी के रसोईघर से निकला घरेलू टेस्ट है।
चना दाल भिंडी बनाने का आसान तरीका
चना दाल भिंडी बहुत आसान डिश है और इसे आप आसानी से अपने घर पर बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कप चना दाल को करीब एक घंटे तक भिगो लें।
फिर कुकर में हल्दी, नमक और पानी डालकर दो सीटी आने तक पकाएं। ध्यान रखें कि दाल पूरी तरह गले नहीं, बल्कि हल्की दानेदार रहे।
दूसरी तरफ भिंडी को धोकर सुखा लें और छोटे टुकड़ों में काट लें। अब कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करके भिंडी को तेज आंच पर हल्का भून लें। इस रेसिपी का यह सबसे जरूरी स्टेप है, क्योंकि इससे भिंडी चिपचिपी नहीं होती।
अब उसी कड़ाही में जीरा, हींग और हरी मिर्च का तड़का लगाएं। इसमें कटे हुए टमाटर और थोड़ा धनिया पाउडर डालकर भून लें। जब मसाला तैयार हो जाए, तब उसमें उबली हुई दाल और भुनी हुई भिंडी डाल दें।
आप चाहे तो इसमें थोड़ा गुनगुना पानी भी डाल सकते हैं और धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकने दें। आखिर में ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा देसी घी डाल दें।
इस तरीके से करें सर्व
चना दाल भिंडी को आप गर्म-गर्म चावल, रोटी और पराठों के साथ मजे से खा सकते हैं। इसके साथ में अगर ठंडा ककड़ी का रायता और आम का अचार मिल जाए तो जेठ की दोपहर में आपका दिल खुश हो जाएगा।

