अब आलू और चावल के आटे से घर पर बनाएं बाजार जैसी कुरकुरी पोटैटो स्माइली, बच्चे हो जाएंगे खुश…………

देहरादून: अगर बच्चे अक्सर बाजार की फ्रोजन पोटैटो स्माइली खाने की जिद करते हैं, तो अब इसे बाहर से लाने की जरूरत नहीं है. सिर्फ आलू, चावल के आटे और इस आसान घरेलू रेसिपी की मदद से घर पर ही मिनटों में बाजार जैसी फ्रेश और क्रिस्पी स्माइली तैयार की जा सकती है।

बाजार में बहुत से फ्रोजन स्नैक्स मिलते हैं, जो बच्चों को खाने बहुत पसंद होते हैं. चाहे वो फ्रेंच फ्राइज हों या फिर आलू टिक्की, इन सभी चीजों को खाने की जिद बच्चे अक्सर करते हैं. इन्हीं में फ्रोजन पोटैटो स्माइलीज भी शामिल हैं। अगर आपके बच्चे बार-बार बाजार में मिलने वाली फ्रोजन पोटैटो स्माइली खाने की जिद करते हैं, तो ये खबर आपके लिए है। आज हम आपको बिल्कुल बाजार जैसी पोटैटो स्माइली घर पर बनाने का तरीका बताने वाले हैं। आप शाम को बाजार जैसा मजेदार स्नैक घर पर बनाकर बच्चों को सरप्राइज दे सकते हैं।

घर पर बनी पोटैटो स्माइली न सिर्फ फ्रेस और स्वादिष्ट होती है, बल्कि इसे बनाने के लिए रसोई में इंग्रेडिएंट्स भी आसानी से मिल जाते हैं। ये बच्चों के टिफिन, शाम की भूख या वीकेंड स्नैक के लिए भी बेहतरीन ऑप्शन है। एक बार घर पर ये रेसिपी ट्राई करने के बाद हो सकता है कि आप बाजार से फ्रोजन स्माइली खरीदना ही छोड़ दें। चलिए जानते हैं घर पर पोटैटो स्माइलीज बनाने का आसान तरीका।

ये चाहिए बनाने के लिए सामग्री-

4-5 मीडियम साइज आलू
3-4 बड़े चम्मच चावल का आटा
स्वादानुसार नमक
1 छोटा चम्मच घी या तेल
1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर (ऑप्शनल)
1/2 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स (ऑप्शनल)
तलने के लिए तेल

सर्व करने के लिए टोमैटो केचप, हरी चटनी या मनपसंद डिप
बनाने का तरीका-

1. घर पर पोटैटो स्माइली बनाने के लिए सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर छील लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। कटे हुए आलू को दो बार पानी से धो लें, ताकि एक्स्ट्रा स्टार्च निकल जाय। अब इन्हें उबलते पानी में सॉफ्ट होने तक पकाएं. अगर आप चाहते हैं कि ये जल्दी उबल जाएं तो प्रेशर कुकर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

2. उबले हुए आलू को पानी से निकालकर कुछ देर छलनी में रखें, ताकि उनका सारा एक्स्ट्रा पानी निकल जाए। इसके बाद आलू को अच्छी तरह मैश करें। ध्यान रखें कि ये पूरी तरह स्मूद हो और उसमें कोई बड़ा टुकड़ा न बचा हो।

3. मैश किए हुए आलू में स्वादानुसार नमक, चावल का आटा और एक छोटा चम्मच घी या तेल डालें। चाहें तो काली मिर्च पाउडर और चिली फ्लेक्स भी मिला सकते हैं. अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर स्मूद आटा तैयार कर लें।

4. अब आलू वाले आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें हल्का दबाएं। अगर सभी स्माइली एक जैसी बनानी हैं, तो किसी छोटे ढक्कन या कुकी कटर से गोल आकार में काट लें।

5. स्ट्रॉ, पेन के पिछले हिस्से या किसी पतली गोल चीज से दो छोटे छेद करके आंखें बनाएं। फिर चम्मच के किनारे से हल्का दबाकर नीचे की ओर स्माइल बना दें। कुछ ही सेकंड में आपकी पोटैटो स्माइली तैयार हो जाएगी।

6. कड़ाही में तेल गर्म करें और आंच मीडियम रखें। अब तैयार स्माइली को धीरे-धीरे तेल में डालें और दोनों तरफ से गोल्डन और क्रिस्पी होने तक तलें। तलने के बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा ऑयल निकल जाए।

7. आपकी बाजार जैसी पोटैटो स्माइली तैयार हैं. आप इन्हें टोमैटो केचप, हरी चटनी या अपनी पसंदीदा डिप के साथ मजे से खा सकते हैं। चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला भी छिड़क सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *