घर पर बनाएं बाजार जैसा सीक्रेट चाट मसाला, एक चुटकी डालते ही स्वाद हो जाएगा दोगुना…….

देहरादून: बाजार में बिकने वाला चटपटा और खुशबूदार चाट मसाला खाने का स्वाद बढ़ा देता है, लेकिन आप इसको आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं। जीरा, धनिया, अजवाइन, अमचूर और काले नमक का सही संतुलन से चाट मसाला बना सकते हैं। इस आसान और सीक्रेट रेसिपी से मिनटों में शुद्ध और मसालेदार चाट मसाला तैयार करें और लंबे समय तक स्टोर करें।

कभी घर पर आलू टिक्की, दही भल्ले, भेल या फ्रूट चाट बनाने का मन होता है और हम सारी चीजें भी बिल्कुल सही डालते हैं, लेकिन फिर भी वो बाजार और ठेले वाली चाट जैसा स्वाद नहीं आ पाता। चटपटा, खट्टा और मसालेदार स्वाद पाने के लिए ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला डालते ही पूरी डिश का स्वाद बदल जाता है। यही वजह है कि भारतीय घरों में चाट मसाला सिर्फ चाट तक सीमित नहीं रहता। इसे खीरा-टमाटर के सलाद, सैंडविच, भुने हुए आलू और यहां तक कि फलों पर भी छिड़ककर खाया जाता है।

आमतौर पर लोग बाजार में मिलने वाला पैकेट वाला चाट मसाला इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे घर पर बनाना बेहद आसान है। इसके लिए किसी महंगे या अलग तरह के मसाले की जरूरत नहीं पड़ती। जीरा, धनिया, अजवाइन, काली मिर्च, अमचूर और काला नमक जैसी चीजें ज्यादातर भारतीय किचन में आसानी से मिल जाती हैं। इन मसालों को हल्का भूनकर सही मात्रा में पीस लें तो घर पर ही ऐसा खुशबूदार चाट मसाला तैयार हो सकता है, जिसे देखते ही चाट खाने का मन करने लगे।

चाट मसाला बनाने के लिए सामग्री-
4 बड़े चम्मच साबुत जीरा
2 बड़े चम्मच साबुत धनिया
1 छोटा चम्मच अजवाइन
1 छोटा चम्मच काली मिर्च
4 बड़े चम्मच अमचूर पाउडर
2 बड़े चम्मच काला नमक
1 बड़ा चम्मच सफेद नमक
आधा छोटा चम्मच हींग
1 बड़ा चम्मच सूखा पुदीना पाउडर
आधा छोटा चम्मच नींबू का फूल या सिट्रिक एसिड (ऑप्शनल)

ऐसे बनाएं घर का चटपटा चाट मसाला।
सबसे पहले साबुत मसाले भूनें: एक भारी तले की कड़ाही को धीमी आंच पर गर्म करें। इसमें जीरा, धनिया, अजवाइन और काली मिर्च डालकर 2 से 3 मिनट तक लगातार चलाते हुए हल्का भूनें। मसालों को हाई फ्लेम पर न भूनें, वरना वो जलकर कड़वे हो सकते हैं। खुशबू आने और जीरे का रंग थोड़ा बदलने पर गैस बंद कर दें।

मसालों को ठंडा करें: भुने हुए मसालों को तुरंत एक प्लेट में निकाल लें और पूरी तरह ठंडा होने दें। गर्म मसालों को पीसने से उनकी खुशबू और स्वाद पर असर पड़ता है।

अब सभी चीजें पीस लें: ठंडे मसालों को मिक्सर के सूखे जार में डालें। इसमें अमचूर, काला नमक, सफेद नमक, हींग और पुदीना पाउडर डालें। अगर ज्यादा खट्टा स्वाद पसंद है तो थोड़ा नींबू का फूल भी डाल सकते हैं। मिक्सर को लगातार चलाने के बजाय 2 से 3 बार पल्स मोड पर चलाएं।

छानकर स्टोर करें: तैयार मसाले को बारीक छलनी से छान लें और किसी साफ, सूखे एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें। निकालते समय हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें, ताकि इसमें नमी न जाए।

हर चीज में ज्यादा चाट मसाला न डालें
चाट मसाला स्वाद बढ़ाने के लिए है, इसलिए इसे जरूरत के हिसाब से ही इस्तेमाल करें। शुरुआत में एक चुटकी या आधा छोटा चम्मच डालकर स्वाद चखें और फिर जरूरत के अनुसार बढ़ाएं। काला नमक और अमचूर का स्वाद तेज होता है, इसलिए ज्यादा मात्रा पूरी डिश का स्वाद बिगाड़ सकती है। इस घर के बने चाट मसाले को आप आलू टिक्की, दही भल्ला, पापड़ी चाट, भेल, फ्रूट चाट, सैंडविच और सलाद में इस्तेमाल कर सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *