नाश्ते में चुकंदर से बनाएं टेस्टी उत्तपम, स्वाद और सेहत का है अनोखा संगम…….
देहरादून: चुकंदर सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसे आप कई तरीकों से डाइट में शामिल कर सकते हैं. आज हम आपको चुकंदर से टेस्टी और हेल्दी उत्तपम बनाने की आासन रेसिपी बताएंगे, जिसे आप घर पर झटपट तैयार कर सकते हैं।
अगर आप नाश्ते में कुछ हेल्दी और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो चुकंदर से बना टेस्टी उत्तपम ट्राई कर सकते हैं. आमतौर पर उत्तपम सूजी या इडली-डोसा बैटर से बनाया जाता है लेकिन इसमें चुकंदर मिलाने से इसका स्वाद और रंग दोनों ही अलग हो जाते हैं। चुकंदर की वजह से उत्तपम देखने में गुलाबी नजर आता है, जबकि ऊपर डाली गई प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च की टॉपिंग इसका स्वाद और भी बढ़ा देती है। खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. तो आइए जानते हैं चुकंदर का उत्तपम घर पर कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी।
जानिए सामग्री-
2 कप इडली या डोसा बैटर
2 छोटे चुकंदर
1 प्याज, बारीक कटा हुआ
1 छोटा टमाटर, बारीक कटा हुआ
आधी शिमला मिर्च, बारीक कटी हुई
3 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
नमक, स्वादानुसार
तेल, जरूरत के अनुसार
हरा धनिया, सजाने के लिए
चुकंदर का उत्तपम कैसे बनाएं।
सबसे पहले चुकंदर को अच्छी तरह धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें। अब एक बड़े बाउल में इडली या डोसा बैटर लें और इसमें कद्दूकस किया हुआ चुकंदर डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लग रहा है, तो इसमें थोड़ा पानी डाल सकते हैं। ध्यान रखें कि उत्तपम का बैटर डोसे के बैटर की तरह पतला नहीं होना चाहिए।
बैटर अच्छी तरह मिलाने के बाद इसका रंग गुलाबी हो जाएगा। अब गैस पर तवा गर्म करें और उस पर करीब आधा छोटी चम्मच तेल डालें। तवा गर्म होने पर एक बड़ी कलछी की मदद से बैटर डालें। इसे डोसे की तरह पतला न फैलाएं, बल्कि थोड़ा मोटा ही रहने दें।
अब उत्तपम के ऊपर बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और हरी मिर्च डालें। सब्जियों को हल्के हाथ से दबा दें, ताकि वे बैटर में अच्छी तरह सेट हो जाएं। ऊपर से थोड़ा नमक छिड़कें और किनारों पर थोड़ा तेल डाल दें।
अब तवे को ढककर कुछ मिनट तक उत्तपम को पकने दें। जब नीचे की तरफ से उत्तपम हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने लगे, तो इसे सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें। ध्यान रखें कि ऊपर लगी सब्जियां जलें नहीं।
उत्तपम पकने के बाद इसे प्लेट में निकाल लें और ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश करें। गरमागरम चुकंदर उत्तपम को नारियल की चटनी के साथ सर्व करें।

