उत्तराखंड में प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारे में टेका मत्था, प्रदेश की खुशहाली की कामना………..

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर खटीमा और देहरादून में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारों में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं।

मुख्यमंत्री ने खटीमा में पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर मत्था टेका। वहीं, देहरादून के गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा आयोजित प्रकाश पर्व कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया।

गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाकर मानवता को प्रेम, समानता और परोपकार का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं—नाम जपो, किरत करो और वंड छको—जीवन में अपनाने योग्य आदर्श हैं। इनका संदेश है कि परमात्मा का स्मरण करें, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका अर्जित करें और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करें। सिख परंपरा की ‘सरबत दा भला’ की भावना भी समूची मानवता के कल्याण का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगत और लंगर की परंपरा सामाजिक समानता तथा समरसता का अनुपम उदाहरण है, जहां जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी एक पंगत में बैठते हैं। उन्होंने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

हेमकुंड साहिब रोपवे से श्रद्धालुओं की यात्रा होगी सुगम
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। करतारपुर साहिब कॉरिडोर के खुलने से श्रद्धालुओं को दर्शन की सुविधा मिली है। वहीं, उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे प्रयास धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने सभी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *