नाश्ते में पोहा-पराठा खाकर हो गए बोर, तो सूजी और नारियल डालकर बनाएं मीठे पुए, बनेंगे फूले-फूले और क्रिस्पी………

देहरादून: अगर आप भी नाश्ते में रोज वही पोरा, पराठा या पूड़ी खाकर बोर हो हए हैं तो यहां हम आपको सूजी और नारियल के मिक्स वाले मीठे पुए की रेसिपी बता रहे हैं। ये न केवल खाने में टेस्टी होते हैं बल्कि इन्हें बनाना भी आसान है।

रोजाना सुबह के नाश्ते में वही पोहा, उपमा, चीला या पराठा खा-खाकर अगर आपका परिवार बोर हो चुका है तो इस बार उनके सुबह के मेनू में कुछ नया और मीठा ट्विस्ट जोड़ें। आज हम आपके लिए लेकर आए हैं सूजी और नारियल के मीठे पुए की बेहद स्वादिष्ट रेसिपी। सूजी का कुरकुरापन और कद्दूकस किए हुए नारियल का सोंधा स्वाद मिलकर इन पुओं को अंदर से बेहद सॉफ्ट और बाहर से हल्का क्रिस्पी बनाते हैं। यह नाश्ता बनाने में जितना आसान है, खाने में उतना ही लाजवाब कि बच्चे भी टिफिन सफाचट कर जाएंगे। आइए जानते हैं मुंह में मिठास घोलने वाले इन पुओं को बनाने का सबसे आसान तरीका।

बनाने के लिए ये चाहिए सामग्री:-

मैदा- आप चाहें तो आटा भी यूज कर सकते हैं.

सूजी (रवा) – 1.5 कप (बारीक या मोटी)

कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल (या डेसिकेटेड कोकोनट) – आधा कप

चीनी या पिसी हुई मिश्री – 3/4 कप (स्वादानुसार)

गुनगुना दूध या पानी – घोल बनाने के लिए (लगभग 1.5 कप)

सौंफ – 1 छोटा चम्मच (पाचन और बेहतरीन खुशबू के लिए)

इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच

काजू-बादाम के बारीक टुकड़े – 2 चम्मच (वैकल्पिक)

तेल या देसी घी – तलने के लिए

बनाने की विधि:-
सबसे पहले एक बड़े मिक्सिंग बाउल में आटा या मैदा लें, उसमें सूजी, कद्दूकस किया हुआ नारियल, सौंफ, इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें।

एक अलग बर्तन में चीनी और गुनगुने दूध (या पानी) को तब तक मिलाएं जब तक कि चीनी पूरी तरह घुल न जाए।

अब इस मीठे दूध को सूजी वाले मिश्रण में धीरे-धीरे डालते हुए एक मध्यम गाढ़ा घोल तैयार कर लें. ध्यान रहे कि घोल में कोई गुठली न रहे।

सूजी पानी या दूध सोखती है और फूलती है, इसलिए इस घोल को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें। 15 मिनट बाद अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लगे, तो इसमें 2-3 चम्मच दूध और मिलाकर इसकी कंसिस्टेंसी को चीले या मालपुए के घोल जैसा कर लें।

एक कढ़ाई में पुए तलने के लिए घी या तेल को मध्यम आंच पर गर्म करें। तेल बहुत ज्यादा तेज गर्म नहीं होना चाहिए, वरना पुए बाहर से जल जाएंगे और अंदर से कच्चे रह जाएंगे।

अब एक गोल चमचे में घोल भरें और उसे गर्म तेल के बीच में एक ही जगह पर धीरे से गिराएं। घोल अपने आप गोल आकार ले लेगा। आंच को मध्यम-धीमी रखें।

जब पुआ फूलकर अपने आप तेल के ऊपर तैरने लगे तो इसे सावधानी से पलट दें। दोनों तरफ से अलट-पलट कर इसे हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें।

आपके गरमा-गरम, फूले-फूले और बेहद स्वादिष्ट सूजी और नारियल के मीठे पुए बनकर तैयार हैं। इन्हें थोड़ा ठंडा करके चाय के साथ परोसें या बच्चों के टिफिन में पैक करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *