लंच में राजस्थानी स्टाइल में बनाएं मेथी दाना की सब्जी, रोटी-पूड़ी के साथ लगेगी टेस्टी, आसान है रेसिपी……..

देहरादून: राजस्थानी मेथी दाना सब्जी अपने खट्टे-मीठे और चटपटे स्वाद के लिए जानी जाती है। इसे भीगी हुई मेथी, छुहारे, किशमिश और खास मसालों की मदद से तैयार किया जाता है। रोटी या पराठे के साथ खाने के लिए यह पारंपरिक सब्जी एक अलग और स्वादिष्ट ऑप्शन है।

राजस्थान का खानपान अपने खास स्वाद और पारंपरिक पकवानों के लिए जाना जाता है. यहां कई ऐसी सब्जियां बनाई जाती हैं, जिनका स्वाद आम सब्जियों से बिल्कुल अलग होता है। राजस्थानी दाल-बाटी चूरमा और पापड़ की सब्जी तो आपने खाई होगी। लेकिन क्या आपने कभी मेथी दाने की सब्जी खाई है।

इस राजस्थानी सब्जी को खासतौर पर मेथी के दानों से तैयार किया जाता है। इसमें खजूर, किशमिश और कुछ खास मसाले डाले जाते हैं, जो इसके स्वाद को हल्का मीठा, खट्टा और चटपटा बनाते हैं। खास बात यह है कि इस सब्जी को बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती।

मेथी दाना की सब्जी को आप रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोसकर खा सकते हैं। अगर आप रोजाना एक जैसी सब्जियां खाकर बोर हो गए हैं, तो राजस्थानी अंदाज में मेथी दाने की यह सब्जी जरूर ट्राई कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

मेथी दाने की सब्जी बनाने के लिए सामग्री-

मेथी दाना – 1/4 कप
सरसों का तेल या देसी घी – 2 बड़े चम्मच
जीरा – 1/2 छोटा चम्मच
सौंफ – 1 छोटा चम्मच
हींग – 1/4 से 1/2 छोटा चम्मच
प्याज – 1 मध्यम आकार का, बारीक कटा हुआ
सूखा खजूर (छुहारा) – 2, पतले कटे हुए
किशमिश – 10 से 12
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
हल्दी – 1/4 छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – 1/2 कप

मेथी दाने की सब्जी बनाने की आसान रेसिपी।
मेथी दाने भिगोकर रखें: सबसे पहले मेथी दानों को अच्छी तरह धो लें। अब इन्हें रातभर या कम से कम 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। पकाने से पहले इनका पानी पूरी तरह निकाल दें। इससे मेथी का कड़वापन कुछ कम हो जाता है। अगर आप इन्हें ज्यादा नरम रखना चाहते हैं, तो 2 से 3 मिनट उबाल भी सकते हैं।

मसालों का तड़का लगाएं: अब एक कड़ाही में सरसों का तेल या देसी घी गर्म करें। इसमें जीरा, दरदरी कुटी हुई सौंफ और हींग डालें। जब मसालों से खुशबू आने लगे, तो समझ जाएं कि तड़का तैयार है।

प्याज भूनें: तड़के में बारीक कटा हुआ प्याज डालें और इसे हल्का सुनहरा होने तक भूनें। ध्यान रखें कि प्याज ज्यादा न जले, वरना सब्जी का स्वाद बदल सकता है।

मेथी दाना और सूखे मेवे डालें: अब कड़ाही में भीगे हुए मेथी दाने डालें। इसके साथ कटे हुए छुहारे और किशमिश भी मिला दें। धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक अच्छी तरह चलाते हुए पकाएं।

मसाले मिलाएं: अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाले मेथी दानों पर अच्छी तरह चढ़ जाएं।

ढककर पकाएं: अब कड़ाही में आधा कप पानी डालें और ढक्कन लगाकर धीमी से मध्यम आंच पर करीब 5 से 7 मिनट तक पकाएं। बीच में एक बार चला लें। जब मेथी दाने नरम हो जाएं और पानी सूखने लगे, तो ढक्कन हटा दें।

आखिर में डालें अमचूर: अब इसमें अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। एक मिनट तक बिना ढके पकाएं। आपकी स्वादिष्ट राजस्थानी मेथी दाने की सब्जी तैयार है।

रोटी और पराठे के साथ करें सर्व।
इस सब्जी का स्वाद हल्का कड़वा, मीठा और खट्टा होता है। मेथी दानों के साथ छुहारे और किशमिश मिलने से इसका स्वाद और भी खास हो जाता है। इसे गरमा-गरम रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोसें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *