बिना प्याज-लहसुन, लंच में दही से बनाएं जैसलमेरी चने-आलू की सब्जी, रोटी-चावल के साथ लगेगी टेस्टी……….
देहरादून: अगर आप बिना लहसुन-प्याज की चने-आलू की सब्जी बनाना चाहते हैं तो एक बार जैसलमेरी स्टाइल दही वाले चने-आलू की सब्जी ट्राई कीजिए। जैसलमेर में चने-आलू की बेहद टेस्टी सब्जी बनाई जाती है, जो रोटी-चावल सभी के साथ अच्छी लगती है। इस सब्जी को बनाने के लिए सिर्फ देसी मसाले और दही की जरूरत होती है। आइए आपको इसे बनाने का तरीका बताते हैं।
राजस्थान की गोल्डन सिटी यानी जैसलमेर ट्रेवल लवर्स की बकेट लिस्ट में जरूर शामिल होती है। यह राजस्थान का मशहूर ऐतिहासिक शहर है, जहां देश-विदेश से लोग घूमने आते हैं, सुनहरी रेत और पीले बलुआ पत्थर से बने किले की खूबसूरती लोगों को अपनी तरफ अट्रैक्ट करती है। इसके अलावा जैसलमेरी खाने का स्वाद भी उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देता है, अगर आप भी कुछ हटकर ट्राई करना चाहते हैं तो दोपहर में दही वाले चने-आलू की सब्जी एक बार जरूर बनाकर देखिए।
चावल और रोटी के साथ यह चने-आलू की सब्जी का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और इसे बनाने में भी ज्यादा समय और मेहनत नहीं लगती है। वैसे तो आपने तीखी चने-आलू की सब्जी खाई होगी, लेकिन जैसलमेर में बिना लहसुन-प्याज के दही डालकर चने-आलू की बेहतरीन सब्जी बनाई जाती है, जिसे एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाएंगे। आइए आपको घर पर जैसलमेरी दही वाले चने-आलू की सब्जी बनाने का तरीका बताते हैं।
जैसलमेरी चने-आलू बनाने के लिए सामग्री-
काले चने – 1 कप, रातभर या 7-8 घंटे भिगोए हुए
आलू – 2 मध्यम, उबले और चौकोर कटे हुए
दही – 1.5 कप, अच्छी तरह फेंटा हुआ
बेसन – 2 बड़े चम्मच
घी या तेल – 2 बड़े चम्मच
जीरा – ½ छोटा चम्मच
राई – ½ छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
अदरक – 1 छोटा चम्मच, कद्दूकस किया हुआ
हरी मिर्च – 1-2, बारीक कटी हुई
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
कसूरी मेथी – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
जैसलमेरी चने-आलू बनाने का तरीका-
चने और आलू उबालें: सबसे पहले भीगे हुए काले चनों को कुकर में पानी और थोड़ा नमक डालकर चार से पांच सीटी आने तक उबाल लें। आलू को भी अलग से उबालकर छील लें और चौकोर टुकड़ों में काट लें।
दही का घोल तैयार करें: एक बर्तन में फेंटा हुआ दही लें. इसमें बेसन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर दें। बेसन को दही में अच्छी तरह से मिलाएं, ताकि उसमें कोई गांठ न रह पाए।
तड़का लगाएं: कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। इसमें जीरा, राई और हींग डालकर तड़कने दें। अब कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें। गैस की आंच बिल्कुल स्लो कर दें, फिर इसमें दही-बेसन का घोल धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाएं।
ग्रेवी में उबाल आने दें: गैस को मिडियम फ्लेम पर करें और ग्रेवी में उबाल आने तक लगातार चलाते रहें। इससे दही फटने से बचा रहेगा।
चने और आलू डालें: ग्रेवी में उबाल आने के बाद इसमें उबले हुए काले चने और कटे हुए आलू डालें और नमक डालकर मिला दें। उसके बाद सब्जी को ढककर मिडियम फ्लेम पर 5 से 7 मिनट पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद अच्छी तरह चने और आलू में उतर जाए।
कसूरी मेथी डालकर करें तैयार: जब सब्जी अच्छी तरह पक जाए और ऊपर हल्का तेल दिखाई देने लगे, तो गैस बंद कर दें। आखिर में क्रश करेक कसूरी मेथी और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गार्निश कर दें।

