बेसन नहीं, सत्तू से बनाएं टेस्टी कढ़ी, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी………..

देहरादून: अगर आप रोज की बेसन वाली कढ़ी से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो सत्तू की कढ़ी एक बढ़िया ऑप्शन है। दही और सत्तू से तैयार यह कढ़ी स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी आसान है। इसे लंच या डिनर में चावल या रोटी के साथ सर्व कर सकते हैं।

कढ़ी भारतीय घरों में बनने वाली पसंदीदा डिश में से एक है. आमतौर पर इसे दही और बेसन से बनाया जाता है और कई जगहों पर इसमें पकोड़े भी डाले जाते हैं। लेकिन अगर आप कढ़ी में थोड़ा अलग और हेल्दी ट्विस्ट देना चाहते हैं तो इस बार बेसन की जगह सत्तू का इस्तेमाल कर सकते हैं। सत्तू से बनी यह कढ़ी स्वाद में लाजवाब और बनाने में भी काफी आसान है। इसे आप लंच या डिनर में बेहद आसानी से तैयार कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं सत्तू की कढ़ी कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है।

कढ़ी बनाने के लिए सामग्री-
2 से 3 बड़े चम्मच सत्तू
डेढ़ कप दही
साढ़े 3 कप पानी
आधा छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
पौने 1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 छोटी चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
स्वादानुसार नमक

तड़के के लिए
2 बड़े चम्मच घी
आधा छोटी चम्मच राई
1 छोटी चम्मच जीरा
आधा छोटी चम्मच हींग
2 सूखी लाल मिर्च
6 से 8 करी पत्ते
1 मीडियम प्याज, पतला कटा हुआ

गार्निश के लिए
हरा धनिया

सत्तू की कढ़ी कैसे बनाएं।
सत्तू की कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही, सत्तू, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें. इसे अच्छी तरह फेंट लें, ताकि इसमें कोई गांठ न रहे।

अब इसमें धीरे-धीरे साढ़े 3 कप पानी डालते जाएं और लगातार चलाते रहें। ध्यान रखें कि दही और सत्तू अच्छी तरह घुल जाएं और मिश्रण एकदम स्मूद और पतला हो।

इसके बाद कड़ाही में घी गर्म करें। इसमें राई डालकर चटकने दें। फिर जीरा, हींग और सूखी लाल मिर्च डालकर कुछ सेकेंड भूनें। अब इसमें करी पत्ता और बारीक कटा प्याज डालें। प्याज के नरम और हल्का पारदर्शी होने तक इसे भूनें।

अब तैयार दही-सत्तू के मिश्रण को धीरे-धीरे कड़ाही में डालें और लगातार चलाते रहें। ऐसा करने से दही फटेगा नहीं और कढ़ी भी अच्छी तरह मिक्स हो जाएगी।

कढ़ी को मीडियम आंच पर लगभग 10 से 12 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में इसे चलाते रहें। जब कढ़ी थोड़ी गाढ़ी हो जाए और अच्छी तरह गर्म हो जाए तो गैस बंद कर दें।

तैयार सत्तू की कढ़ी को सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश करें। इसे आप चावल या रोटी के साथ गरमागरम सर्व कर सकते हैं।

तो अगर आप रोज की कढ़ी से थोड़ा अलग खाना चाहते हैं तो सत्तू की यह आसान रेसिपी ट्राई कर सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *