उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी अगस्त से होगी शुरू, ये कोर्स होंगे शामिल……..
देहरादून: उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी इसी साल अगस्त में खोलने की तैयारी है। यूनिविर्सिटी में फिलहाल चार कोर्स की पढ़ाई कराई जाएगी जो कि युवाओं को रोजगार पाने में मदद करेगी। इस संबंध में शुक्रवार को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई थी।
गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव कमेटी (ईसी) की बैठक हुई। इसमें यूनिवर्सिटी के आगामी सत्र से संचालन, पाठ्यक्रमों की रूपरेखा, फीस निर्धारण और कर्मचारियों की तैनाती जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। कुलपति अमित सिन्हा ने बताया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी को आगामी अगस्त माह से शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआती चरण में चार मुख्य पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिल चुकी है।
बैठक में उत्तराखंड के स्थानीय खिलाड़ियों को विशेष सुविधाएं और प्रोत्साहन देने सहित पाठ्यक्रमों की फीस को किफायती और व्यावहारिक रखने पर भी सहमति बनी। इस दौरान खेल निदेशक दीप्ति सिंह, उप कुलपति रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, बैंडमिंटन कोच डीके सेन, ओलंपियन राजेन्द्र सिंह रावत, उप क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल, रितिका जोशी, त्रिलोक सिंह जीना आदि मौजूद रहे।
ये पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी
स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के अफसरों ने बताया कि पहले सत्र में बीएससी स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, बैचलर इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और सर्टिफिकेट इन स्पोर्ट्स कोचिंग सहित अन्य रोजगारपरक कोर्स शुरू करने की तैयारी है।
स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव आज
गौलापार स्थित अंतराष्ट्रीय स्टेडियम में शनिवार सुबह 10 बजे स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव और प्रशिक्षक कार्यशाला आयोजित जाएगी। उप निदेशक खेल रशिका सिद्दीकी ने बताया कि कॉन्क्लेव में प्रदेश भर के स्पोर्ट्स अधिकारी, कोच और स्पोर्ट्स जगत से जुड़े दिग्गज शिरकत करेंगे। खेल मंत्री रेखा आर्या, खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह समेत कई अतिथि शामिल होंगे।
फुटबॉल के रंग में रंगे हल्द्वानी के युवा
दुनिया के सबसे बड़े खेल महाकुंभ यानी फीफा वर्ल्ड कप का 11 जून से आगाज हो गया है। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। हल्द्वानी शहर में भी इसका जुनून युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है।
फुटबॉल जर्सी की बिक्री में बढ़ोतरी
मटरगली के दुकानदारों के अनुसार विश्व कप शुरू होने के बाद फुटबॉल जर्सी की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। मटरगली स्थित सम्राट एक्सक्लूसिव के व्यापारी अतुल गुप्ता ने बताया कि 250 से 400 रुपये तक की टी-शर्ट आसानी से उपलब्ध हैं। शुक्रवार शाम तक 37 टी-शर्ट बिक चुकी थीं। युवा पसंदीदा टीम का समर्थन करने के लिए जर्सी खरीद रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी और टीम कप्तान लियोनेल मेसी, फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे और स्पेन के युवा स्टार लैमिन यमाल की 10 नंबर जर्सी की मांग सबसे अधिक है। पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो की नंबर-7 जर्सी की भी खूब बिक्री हो रही है। स्टार खिलाड़ियों की जर्सियों के साथ इस बार नंबर-11 और नंबर-69 वाली जर्सी की मांग भी बाजार में सबसे ज्यादा देखी जा रही है।

