उत्तराखंड सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को दिया तोहफा, 28 और 29 अगस्त को रोडवेज बसों में यात्रा होगी मुफ्त……….

देहरादून: प्रदेश की धामी सरकार ने रक्षाबंधन पर उत्तराखंड की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश की महिलाएं 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

दोनों दिन महिलाओं से बस किराया नहीं लिया जाएगा। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए परिवहन निगम को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षित और सुगम होगा सफर
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और स्वजनों के घर जाती हैं। पर्वतीय राज्य होने के कारण कई बार महिलाएं त्योहार के अगले दिन घर वापसी करती हैं। ऐसे में सरकार के इस निर्णय से उन्हें सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित और सुगम आवागमन के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी। यह सुविधा प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में उपलब्ध होगी।

महिलाओं को निशुल्क यात्रा कराने से परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी की ओर से जारी आदेश में इसकी व्यवस्था स्पष्ट की गई है। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *