उत्तराखंड में सेलाकुई नगर पालिका बनेगी, मुख्यमंत्री ने पहले सरकारी डेंटल कॉलेज की भी घोषणा, देखिए धामी ने क्या-क्या ऐलान किए……..

देहरादून: सीएम धामी ने घोषणा की कि सेलाकुई नगरपालिका बनेगी। एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि के सेलाकुई परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। यहां 20.21 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका विकसित किए जाएंगे। भविष्य में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनने का रास्ता भी खुलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विवि परिसर में सोमवार को 20.55 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने सेलाकुई को जल्द नगर पालिका का दर्जा देने की घोषणा भी की। उन्होंने 34 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मुख्य द्वार व दंत चिकित्सालय का लोकार्पण भी किया। इस परिसर के नए प्रशासनिक भवन में मेडिकल,नर्सिंग व पैरामेडिकल कोर्स की प्रवेश परीक्षाओं से जुड़े काम होंगे।

सीएम ने कहा कि सेलाकुई परिसर में नई सुविधाएं विकसित होने से युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशे से जुड़े लोगों पर समाज की बड़ी जिम्मेदारी है। डॉक्टर-स्वास्थ्यकर्मी सेवा, समर्पण व संवेदनशीलता के साथ लोगों का जीवन बचाने का काम करते हैं।

युवाओं को रोजगार के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण
सीएम ने कहा कि युवाओं को रोजगार के मौके दिलाने को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में नौकरी मिली। जर्मनी में नौकरी पाने वाली सपना राणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा अपने कौशल से पहचान बना रहे हैं। इससे पूर्व सीएम ने मां सरस्वती की पूजा की और हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, कुलपति प्रो. डॉ. भानु दुग्गल, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, डॉ. संजय गौड़, डॉ. विजय जुयाल, डॉ. गीता जैन मौजूद रहे।

नकल माफिया पर वार, 35 हजार युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में नशे और नकल माफिया पर निशाना साधा। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जिनकी सरकारों में नकल माफिया फला-फूला, वही आज युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने दावा किया कि बीते पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश का पहला सरकारी डेंटल कॉलेज बनाने की तैयारी
सेलाकुई परिसर में दंत चिकित्सालय को डेंटल कॉलेज के रूप में विकसित करने की तैयारी भी है। यह प्रदेश का पहला सरकारी डेंटल कॉलेज होगा। कुलपति डॉ. भानु दुग्गल ने बताया कि इसके लिए भवन और बेहतर सुविधाएं जुटाने के साथ विभिन्न पदों की स्वीकृति का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश में फिलहाल दो निजी डेंटल कॉलेज हैं। संबद्धता प्रक्रिया आसान बनाने के लिए पोर्टल भी तैयार किया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *