उत्तराखंड में सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस………

पौड़ी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की आयु में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं।

सावित्री देवी के निधन की खबर से उनके पैतृक गांव पंचूर सहित क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से गहरा पारिवारिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उनका जन्म भी पंचूर गांव में हुआ था।
योगी आदित्यनाथ के पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे। उनका 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार के सदस्य पंचूर गांव में ही रहते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार भाइयों और तीन बहनों सहित सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उनकी माता सावित्री देवी गांव में रहकर ही अपना जीवन व्यतीत कर रही थीं। सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। माता के निधन की खबर से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शोक का माहौल है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *