उत्तराखंड में नैनीताल पहुंचना होगा और भी आसान, काठगोदाम से 14 KM रोप-वे का रास्ता साफ, 4 जगह बनेंगे……..
नैनीताल: नैनीताल घूमने जाने वालों के लिए आने वाले समय में सफर काफी आसान होने वाला है। काठगोदाम से नैनीताल तक सड़क के लंबे जाम से परेशान होने वाले पर्यटकों को जल्द ही रोप-वे की सुविधा मिल सकती है। करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस रोप-वे के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। 14 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट को लेकर तैयारियां आगे बढ़ गई हैं और 7 सितंबर को संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा।
काठगोदाम से नैनीताल के बीच बनने वाला यह रोप-वे उत्तराखंड के बड़े पर्यटन प्रोजेक्ट्स में शामिल है। नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड और जिला प्रशासन की ओर से इसके निर्माण को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। रोप-वे बनने के बाद पर्यटक सड़क के जाम में फंसे बिना काठगोदाम से नैनीताल तक का सफर कर सकेंगे और रास्ते में पहाड़ों की खूबसूरत वादियों का आनंद भी ले सकेंगे।
14 किलोमीटर लंबे रोप-वे में बनेंगे चार स्टेशन
करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत वाले इस रोप-वे की लंबाई लगभग 14 किलोमीटर होगी। इसके लिए चार प्रमुख टर्मिनल और स्टेशन बनाए जाएंगे। एचएमटी रानीबाग में लोअर टर्मिनल बनाया जाएगा। इसके बाद डोलमार में टर्न स्टेशन, ज्योलीकोट में मिड टर्म स्टेशन और नैनीताल के हनुमानगढ़ी में अपर टर्मिनल स्टेशन बनाया जाएगा। इससे काठगोदाम से नैनीताल के बीच आने-जाने वाले पर्यटकों को सड़क मार्ग के अलावा एक नया विकल्प मिल सकेगा।
रानीबाग में होटल से लेकर एंटरटेनमेंट जोन तक
अपर जिलाधिकारी सौरब असवाल ने बताया कि रोप-वे प्रोजेक्ट के साथ अलग-अलग जगहों पर पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। रानीबाग में करीब 35.40 करोड़ रुपये की लागत से थ्री स्टार होटल बनाया जाएगा। इसके अलावा लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी स्टोरेज कार पार्किंग तैयार की जाएगी। यहां फूड आउटलेट्स, फैमिली एंटरटेनमेंट जोन, रिटेल शॉप और रेस्टोरेंट भी बनाए जाएंगे। यानी रोप-वे से सफर करने वाले पर्यटकों को सिर्फ आने-जाने की सुविधा ही नहीं मिलेगी, बल्कि रास्ते में खाने-पीने, खरीदारी और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
ज्योलीकोट में बनेगा ईकोटूरिज्म रिजॉर्ट
प्रोजेक्ट के तहत ज्योलीकोट रोप-वे स्टेशन के पास भी पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां करीब 20.25 करोड़ रुपये की लागत से ईकोटूरिज्म रिजॉर्ट बनाया जाएगा। इसके साथ रिटेल शॉप और फूड एंड बेवरेज आउटलेट्स भी विकसित किए जाएंगे।
जाम से मिलेगी राहत, वादियों का भी ले सकेंगे आनंद
काठगोदाम से नैनीताल तक रोप-वे शुरू होने के बाद पर्यटकों को सड़क मार्ग के जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर नैनीताल जाने वाले व्यस्त समय में पर्यटकों के लिए यह सफर का एक नया विकल्प बन सकता है। रोप-वे से सफर करते हुए पर्यटक ट्रैफिक में फंसे बिना पहाड़ों की खूबसूरत प्राकृतिक वादियों को ऊपर से देखते हुए सीधे नैनीताल पहुंच सकेंगे। इससे नैनीताल आने वाले पर्यटकों के लिए सफर का अनुभव भी पहले से अलग और खास हो सकता है।

